पॉपुलर फाइनेंस ग्रुप से जुड़े एक मामले में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने बड़ा कदम उठाया है। कोच्चि स्थित ट्रिब्यूनल ने ग्रुप से जुड़ी 14 कंपनियों और एलएलपी के खिलाफ कंपनी बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है।

NCLT ने इस मामले में नियुक्त लिक्विडेटर को कई अहम जिम्मेदारियां दी हैं। अब यह पता लगाने की कोशिश होगी कि जनता से जुटाया गया पैसा आखिर कहां गया और उससे जुड़ी संपत्तियां कहां हैं। ट्रिब्यूनल ने SFIO की जांच रिपोर्ट और दूसरे रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं…

14 कंपनियों को बंद करने का आदेश

बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यूडिशियल मेंबर विनय गोयल और टेक्निकल मेंबर रविचंद्रन रामासामी की बेंच ने 6 अक्टूबर को केंद्र सरकार की ओर से सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) द्वारा दायर याचिकाओं पर ये आदेश जारी किए। इन 14 कंपनियों में पॉपुलर फाइनेंस ग्रुप की कंपनियां और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप (LLP) शामिल हैं।

ट्रिब्यूनल ने आदेश दिया, “एसएफआईओ की जांच रिपोर्ट और रिकॉर्ड में मौजूद अन्य दस्तावेजों की जांच करें और जनता से इकट्ठा किए गए फंड के फ्लो और उसके अंतिम इस्तेमाल का पता लगाएं।”

लिक्विडेटर को यह भी पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि जनता से जुटाए गए पैसों से कौन-कौन सी संपत्तियां और एसेट्स खरीदे गए। ऐसी संपत्तियों की पहचान के बाद उन्हें वापस हासिल करने, सुरक्षित रखने या उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।

इसके अलावा, लेनदारों, जमाकर्ताओं, निवेशकों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के दावों को आमंत्रित करने, उनकी जांच करने और उन पर फैसला लेने को भी कहा गया है। साथ ही उन्हें SFIO, रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, बैंकों, वित्तीय संस्थानों और अन्य जांच एजेंसियों से जानकारी और मदद लेने को भी कहा गया है।

क्यों महत्वपूर्ण है ये निर्देश?

बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये निर्देश इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि SFIO की जांच में पाया गया कि पॉपुलर फाइनेंस ग्रुप ने जनता से करीब 4,700 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसमें से लगभग 829.31 करोड़ रुपये उन कंपनियों और LLP से संबंधित थे जो जांच के दायरे में थीं।

SFIO के मुताबिक, ग्रुप ने फिक्स्ड, रिकरिंग और सेविंग्स डिपॉजिट, कैपिटल कंट्रीब्यूशन और डिबेंचर के जरिए फंड जुटाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि इस पैसे को ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों के बीच घुमाया गया और जनता से इकट्ठा किए गए फंड का इस्तेमाल आखिरकार डायरेक्टर्स और डेजिग्नेटेड पार्टनर्स के निजी इस्तेमाल समेत अन्य कामों के लिए किया गया।

जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि ग्रुप ने निवेशकों को लुभाने के लिए 9% से 18.18% तक की ब्याज दरों की पेशकश की और अपने गोल्ड-लोन कारोबार को अपने बिज़नेस की मुख्य पहचान के तौर पर पेश किया।

इसमें यह भी आरोप लगाया गया कि जब जमा राशि दिए गए गोल्ड लोन से काफी ज़्यादा हो गई, तो ग्रुप ने निधि कंपनियों और LLP के ज़रिए अपने कामकाज को रीस्ट्रक्चर किया, जिसमें कुछ जमाकर्ताओं को पार्टनर या कैपिटल योगदानकर्ता के तौर पर दिखाया गया।

ट्रिब्यूनल ने कंपनी को बंद करने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए केरल हाई कोर्ट से जुड़े ऑफिशियल लिक्विडेटर को नियुक्त किया और लिक्विडेशन और रिकवरी की प्रोग्रेस पर समय-समय पर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।