GST Council Meeting Updates: जीएसटी काउंसिल ने टैक्स अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्ति खत्म करने का फैसला किया है। इसके साथ ही जीएसटी से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाने की सीमा भी 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को 57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक के बाद इन फैसलों की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, मंत्रालय ने कहा कि जीएसटी रेट का स्ट्रक्चर तय हो चुका है और अब काउंसिल का फोकस टैक्स व्यवस्था के रोजमर्रा के कामकाज को आसान बनाने पर है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि जीएसटी रेट में बदलाव अब साल में एक बार किया जाएगा।
अधिकारियों की एक कमेटी बनाने का फैसला
काउंसिल ने इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दावों से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए अधिकारियों की एक कमेटी बनाने का भी फैसला किया है। यह कमेटी ऐसे असली खरीदारों को राहत देने के तरीके सुझाएगी, जिनके पास सही इनवॉइस है, जिन्हें सामान मिल चुका है और जिन्होंने सप्लायर को पूरा भुगतान कर दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, कमेटी तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी और इसके बाद अगली जीएसटी काउंसिल की बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी।
न्यूनतम सजा का प्रावधान भी हटाया
काउंसिल ने जीएसटी मामलों में न्यूनतम सजा का प्रावधान भी हटा दिया है। अब किसी मामले में जुर्माना, जेल या दोनों की सजा देने का फैसला अदालत के विवेक पर निर्भर करेगा। इसके अलावा, जहां किसी अपराध के लिए अलग से जुर्माने का प्रावधान नहीं है, वहां लगने वाले सामान्य जुर्माने को 25,000 रुपये से घटाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है।
जनसत्ता के सहयोगी द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, जीएसटी के तहत गिरफ्तारी के प्रावधानों को हटाने पर आम सहमति बनाने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच पिछले आठ-नौ महीनों में कई बैठकें हुई हैं, जिनमें केंद्र सरकार के आला अधिकारी भी शामिल रहे।
इन प्रावधानों को व्यापारी और बिजनेस के लिए एक बड़ी बाधा माना जा रहा था। इस कदम को जरूरी माना जा रहा है क्योंकि हाल के समय में जीएसटी प्रावधानों के तहत कई बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसे इंडस्ट्री के लीडर्स ने हद से ज्यादा सख्ती बताया था।
यह भी पढ़ें: स्टारलिंक को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर केंद्र का जवाब
केंद्र सरकार ने भारत में स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर जवाब दिया है। सरकार ने कहा है कि देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं के लिए नियम सभी कंपनियों पर समान रूप से लागू होते हैं। यह प्रतिक्रिया मस्क के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ ताकतवर उद्योगपति (ओलिगार्क) भारत में स्टारलिंक की राह रोक रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
