Jio Platforms IPO: आईपीओ में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए गुड न्यूज है। रिलायंस समूह की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ जल्द ही खुलने जा रहा है। कंपनी का कारोबार टेलीकॉम से लेकर डिजिटल सेवाओं तक फैला हुआ है, ऐसे में इसके आईपीओ को लेकर बाजार में दिलचस्पी बनी हुई है।
जियो प्लेटफॉर्म्स इस आईपीओ के जरिए बाजार से बड़ी रकम जुटाने की तैयारी में है। आईपीओ में पैसा लगाने की सोच रहे निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि कंपनी ने शेयरों की कीमत कितनी तय की है और आवेदन करने के लिए कितनी रकम की जरूरत होगी।
इसके अलावा निवेशकों की नजर ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर भी रहेगी, जिससे शेयर की संभावित लिस्टिंग को लेकर बाजार के रुझान का अंदाजा लगाया जाता है। आइए जानते हैं जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ की तारीख, प्राइस बैंड, GMP से जुड़ी पूरी जानकारी…
कितना है जियो प्लेटफॉर्म्स का जीएमपी?
आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर नजर रखने वाली वेबसाइट के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का GMP 222 रुपये चल रहा है। कंपनी के 1,119 रुपये के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसकी अनुमानित लिस्टिंग कीमत 1,341 रुपये हो सकती है। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग करीब 19.84% प्रीमियम पर होने का अनुमान है।
हालांकि, GMP अनौपचारिक बाजार का संकेत है और इसमें बदलाव हो सकता है। इसलिए इसे लिस्टिंग पर होने वाले मुनाफे की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ : प्राइस बैंड
जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यानी निवेशक इसी दायरे में शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। आईपीओ में एक लॉट में 12 शेयर रखे गए हैं। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए 13,428 रुपये लगाने होंगे।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ : लॉट साइज
खुदरा निवेशक कम से कम 12 और अधिकतम 168 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस हिसाब से न्यूनतम निवेश 13,428 रुपये और अधिकतम 1,87,992 रुपये होगा। वहीं, स्मॉल HNI श्रेणी में न्यूनतम 180 शेयरों के लिए 2,01,420 रुपये और बिग HNI श्रेणी में 900 शेयरों के लिए 10,07,100 रुपये लगाने होंगे। ये सभी रकम 1,119 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड के आधार पर हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ : मार्केट कैप
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का कुल आकार करीब 30,213 करोड़ रुपये है। कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करके यह रकम जुटाने की योजना बना रही है। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का अनुमानित मार्केट कैप करीब 10.30 लाख करोड़ रुपये बताया गया है। मार्केट कैप का मतलब कंपनी के सभी शेयरों की कुल बाजार कीमत से है। यह आईपीओ से जुटाई जाने वाली रकम से अलग होता है।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ : आरक्षण
आईपीओ में अलग-अलग श्रेणियों के निवेशकों के लिए शेयर आरक्षित किए जाते हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, योग्य संस्थागत खरीदारों यानी QIB के लिए नेट इश्यू का अधिकतम 50 फीसदी हिस्सा रखा गया है। खुदरा निवेशकों के लिए कम से कम 35 फीसदी और गैर-संस्थागत निवेशकों यानी NII के लिए कम से कम 15 फीसदी हिस्सा आरक्षित है।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ : बुक रनिंग लीड मैनेजर और रजिस्ट्रार
कंपनी के आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर के तौर पर कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड और रजिस्ट्रार के तौर पर KFin Technologies Limited का नाम दिया गया है।
क्या करती है जियो प्लेटफॉर्म्स कंपनी?
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड एक टेक्नोलॉजी और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी कंपनी है। इसकी स्थापना 15 नवंबर 2019 को हुई थी। कंपनी का कारोबार मोबाइल कनेक्टिविटी, ब्रॉडबैंड, डिजिटल मनोरंजन, क्लाउड सेवाओं, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में फैला है। इसकी प्रमुख सब्सिडियरी रिलायंस जियो इन्फोकॉम मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं देती है। कंपनी के उपलब्ध विवरण के अनुसार, 30 जून 2026 तक रिलायंस जियो इन्फोकॉम के ग्राहकों की संख्या 53.33 करोड़ थी।
यह भी पढ़ें: विप्रो ने जारी किए तिमाही नतीजे
आईटी कंपनी विप्रो ने 15 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 9.1% बढ़कर 24,752.7 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 22,697.3 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
