जियो के आईपीओ के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं। इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बड़ी खुशखबरी दी है। जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह आईपीओ सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने घोषणा की है कि उसकी प्रमुख डिजिटल सब्सिडियरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए अहमदाबाद के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज़ के पास रेड हियरिंग प्रोस्पेक्टस दाखिल कर दिया है।

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर की कीमत का दायरा तय किया है। इससे ऊपरी मूल्य स्तर पर कंपनी करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटा सकती है। इससे यह देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो जाएगा। रिलायंस की तरफ से बुधवार को दी गई नियामकीय सूचना के मुताबिक, निर्गम में 10 रुपये अंकित मूल्य वाले अधिकतम 27 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, बड़े संस्थागत यानी एंकर निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया 19 अक्टूबर को होगी।

रिलायंस के कर्मचारियों को मिलेगी छूट

जियो प्लेटफॉर्म्स के निदेशक मंडल की आईपीओ समिति ने बुधवार को हुई बैठक में शेयरों का मूल्य दायरा मंजूर किया। पात्र कर्मचारी आरक्षित हिस्से में बोली लगाने पर प्रति शेयर 54 रुपये की छूट पाएंगे। निवेशकों को कम से कम 12 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इस तरह ऊपरी मूल्य स्तर पर एक लॉट की कीमत 13,428 रुपये होगी।

आईपीओ को लेकर जून में दाखिल ड्राफ्ट दस्तावेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में जियो प्लेटफॉर्म्स का परिचालन राजस्व 14.6 प्रतिशत बढ़कर 1,46,885 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 1,28,218 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ भी 15.1 प्रतिशत बढ़कर 30,049 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 26,109 करोड़ रुपये था।

एलआईसी से बड़ा आईपीओ

जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रस्तावित आईपीओ भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 20,557.23 करोड़ रुपये के आईपीओ से करीब 47 प्रतिशत बड़ा होगा। जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह नए शेयर जारी करने पर आधारित होगा। इसमें मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इसलिए इससे जुटाई गई राशि कंपनी को मिलेगी, मौजूदा शेयरधारकों को नहीं।

कंपनी के शेयर के 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने पात्र कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये तक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए 2,500 करोड़ रुपये तक के शेयर आरक्षित रखे हैं।

मुकेश अंबानी ने फिर नहीं ली सैलरी, रिकॉर्ड मुनाफे के बाद भी लगातार छठे साल बिना वेतन कर रहे हैं काम

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने लगातार छठे साल कंपनी से कोई वेतन नहीं लिया है। कंपनी की ताजा वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2020-21 से वित्तीय वर्ष 2025-26 तक उन्होंने रिलायंस से सैलरी, भत्ता, कमीशन कुछ नहीं लिया। पढ़ें पूरी खबर