Oil Price Today: इजरायल-ईरान तनाव के हालात से सोमवार, 2 मार्च को ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया। कारोबारी इस आशंका पर दांव लगा रहे हैं कि ईरान और पश्चिम एशिया के अन्य देशों से कच्चे तेल की आपूर्ति धीमी पड़ सकती है या ठप हो सकती है। ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में हमले लंबे समय तक जारी रहे तो कच्चे तेल और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आगे और बढ़ोतरी हो सकती है।

एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, अमेरिका में उत्पादित वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) कच्चा तेल सोमवार सुबह लगभग 72 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, जो शुक्रवार के लगभग 67 डॉलर के स्तर से करीब 7.3 प्रतिशत अधिक है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 78.55 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जो शुक्रवार के 72.87 डॉलर से 7.8 प्रतिशत ज्यादा है। शुक्रवार का स्तर सात महीने का उच्चतम स्तर था।

ऊर्जा विश्लेषण कंपनी रिस्टैड एनर्जी के अनुसार, होर्मुज जलडमरुमध्य से प्रतिदिन लगभग 1.5 करोड़ बैरल यानी वैश्विक आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल होकर गुजरता है। यह तेल मार्ग विश्व का सबसे अहम ‘चोकपॉइंट’ माना जाता है। होर्मुज जलडमरुमध्य के उत्तर में ईरान स्थित है, जबकि इस रास्ते से सऊदी अरब, कुवैत, इराक, कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ईरान का तेल एवं गैस निर्यात होता है।

जलडमरूमध्य के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से किया था बंद

फरवरी के मध्य में ईरान ने सैन्य अभ्यास का हवाला देते हुए जलडमरूमध्य के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद किया था। उसके बाद तेल कीमतों में लगभग 6 प्रतिशत की तेजी आई थी। इस बीच, तेल उत्पादक देशों के समूह ‘ओपेक प्लस’ के आठ सदस्यों ने रविवार को तेल उत्पादन बढ़ाने की घोषणा की।

पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन ने कहा कि अप्रैल में वह रोजाना 2,06,000 बैरल उत्पादन बढ़ाने जा रहा है। उत्पादन बढ़ाने वाले देशों में सऊदी अरब, रूस, कजाखस्तान, इराक, यूएई, कुवैत, अल्जीरिया और ओमान शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: Upcoming IPOs Next Week: अगले सप्ताह खुलेंगे ये 2 नए आईपीओ , 2–6 मार्च के बीच 9 कंपनियों की होगी लिस्टिंग

यह भी पढ़ें: दिवालिया हुई ईस्ट इंडिया कंपनी: भारतीय उद्यमी के हाथों में था नाम, फिर भी क्यों नहीं बच पाई?

Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।