भारत में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक की लॉन्चिंग में हो रही देरी को लेकर एलन मस्क लगातार सवाल उठा रहे हैं। मस्क ने एक बार फिर भारत सरकार की नियामकीय प्रक्रिया पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या ‘अंबानी भारत के असली बॉस हैं?’
उनके इस पोस्ट पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर हुई यह बातचीत अब चर्चा का विषय बन गई है।
मस्क ने फिर उठाए सवाल
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्टारलिंक को दुनिया के 165 से ज्यादा देशों में लाइसेंस मिल चुका है। उन्होंने दावा किया कि उनकी कंपनी पिछले पांच साल से भारत सरकार की हर कानून और जरूरत को पूरा करने में लगी है, इसके बावजूद उसे भारत में सेवा शुरू करने की मंजूरी नहीं मिली है।
मस्क ने सवाल किया, “तो अभी तक लाइसेंस क्यों नहीं? क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं?” मस्क का यह इशारा मुकेश अंबानी की ओर माना जा रहा है। रिलायंस जियो भी भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की दौड़ में है और स्टारलिंक की संभावित प्रतिस्पर्धी कंपनी है।
राहुल गांधी ने दिया तंज भरा जवाब
मस्क के पोस्ट पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “भारत में आपका स्वागत है, एलन। दूसरे शख्स के बारे में जानेंगे तो इंतजार कीजिए।” यानी राहुल गांधी ने मस्क को भारत में आने का स्वागत करते हुए संकेत दिया कि उन्हें अभी ‘एक और शख्स’ के बारे में पता चलना बाकी है।
इसके जवाब में मस्क ने लिखा, “धन्यवाद, राहुल। यह वाकई चिंताजनक है।” मस्क और राहुल गांधी के बीच हुई इस छोटी-सी सोशल मीडिया बातचीत ने भारत में स्टारलिंक की लॉन्चिंग को लेकर चल रही राजनीतिक और कारोबारी बहस को और हवा दे दी है।
‘ओलिगार्क’ वाले बयान पर पहले भी मचा था विवाद
यह पहली बार नहीं है जब मस्क ने भारत में स्टारलिंक की लॉन्चिंग में देरी को लेकर तीखी टिप्पणी की है। इससे पहले उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘कुछ ओलिगार्क’ भारत में स्टारलिंक को रोक रहे हैं ताकि उनका एकाधिकार बना रहे।
मस्क ने इसे ‘भारत के लोगों के खिलाफ अपराध’ तक करार दिया था। उन्होंने कहा था कि स्टारलिंक उन इलाकों में तेज और किफायती इंटरनेट उपलब्ध कराने में मदद कर सकता है, जहां अभी इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क की पहुंच बेहद कमजोर है। हालांकि, भारत सरकार ने मस्क के इन आरोपों को खारिज किया है।
सरकार ने कहा- सभी कंपनियां एक ही नियामकीय चरण में
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने कहा कि भारत ने सभी टेलीकॉम सेवाओं, जिसमें सैटेलाइट कम्युनिकेशन भी शामिल है, के लिए निष्पक्ष और गैर-भेदभावपूर्ण प्राधिकरण व्यवस्था लागू की है। सरकार के मुताबिक, लाइसेंस हासिल करने वाली हर कंपनी को सुरक्षा से जुड़ी शर्तों का पालन करना जरूरी है।
मंत्रालय ने कहा कि फिलहाल तीनों लाइसेंसधारी कंपनियों का सुरक्षा आकलन चल रहा है और वे लगभग एक ही नियामकीय चरण में हैं। सरकार ने साफ कहा कि प्रक्रिया को किसी कंपनी के खिलाफ भेदभावपूर्ण बताना “बेबुनियाद और गलत धारणा” है।
सुरक्षा मंजूरी बनी सबसे बड़ी अड़चन
स्टारलिंक की भारत में लॉन्चिंग में सबसे बड़ी बाधा फिलहाल सुरक्षा से जुड़ी मंजूरियां मानी जा रही हैं। सरकार की चिंता इस बात को लेकर है कि विदेशी सैटेलाइट इंटरनेट कंपनियां भारतीय गेटवे से बाहर रहकर अपनी सेवाएं न दें।
ऐसा होने पर सुरक्षा और डेटा पर सरकारी नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने भी कहा है कि सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं से जुड़े सुरक्षा मामलों को गृह मंत्रालय देख रहा है।
स्टारलिंक को मिल चुकी हैं कई अहम मंजूरियां
स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के लिए कई महत्वपूर्ण नियामकीय मंजूरियां मिल चुकी हैं। कंपनी को दूरसंचार विभाग से GMPCS लाइसेंस भी मिल चुका है। इसके अलावा पिछले साल जुलाई में इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर (IN-SPACe) ने भी स्टारलिंक के सैटेलाइट कॉन्स्टेलेशन को भारत में संचालित करने के लिए अनुमति दी थी।
इसके अलावा, कंपनी को दूरसंचार विभाग (DoT) से ऑपरेटर लाइसेंस भी मिल चुका है। स्टारलिंक ने इस लाइसेंस के लिए करीब तीन साल पहले आवेदन किया था। इसके बावजूद अंतिम सुरक्षा मंजूरी और उससे जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण भारत में व्यावसायिक लॉन्च का रास्ता अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है।
जियो और वनवेब भी दौड़ में
भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में स्टारलिंक अकेली कंपनी नहीं है। भारती समर्थित यूटेलसैट वनवेब और जियो सैटेलाइट कम्युनिकेशंस भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं। अमेजन की लियो सेवा भी भारत में लाइसेंस हासिल करने की दौड़ में है।
भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने भी मस्क के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी कंपनी से जुड़ी यूटेलसैट वनवेब भी भारत में जरूरी मंजूरियों का इंतजार कर रही है।
जियो बना रहा अपना सैटेलाइट नेटवर्क
स्टारलिंक की लॉन्चिंग में देरी ऐसे समय हो रही है जब रिलायंस जियो भारत में अपना सॉवरेन लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, जियो करीब 1,600 से 1,650 सैटेलाइट का नेटवर्क बनाने पर विचार कर रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 10 से 15 अरब डॉलर तक हो सकती है।
यह भी पढ़ें: स्टारलिंक को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर केंद्र का जवाब, कहा- ‘भेदभाव के दावे बेबुनियाद’
केंद्र सरकार ने भारत में स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर जवाब दिया है। सरकार ने कहा है कि देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं के लिए नियम सभी कंपनियों पर समान रूप से लागू होते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
