अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन (ATF) के दाम शुक्रवार को पांच प्रतिशत बढ़ा दिए गए, जिससे विदेशी यात्रा महंगी होने की आशंका बढ़ गई है। एटीएफ की कीमतों में लगातार दूसरे महीने वृद्धि की गई क्योंकि तेल कंपनियां अब वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल को सुनियोजित तरीके से ग्राहकों पर डाल रही है। घरेलू विमानन कंपिनयों के लिए एटीएफ कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में विमान ईंधन की कीमत 76.55 डॉलर प्रति किलोलीटर (5.33 प्रतिशत) बढ़कर 1,511.86 डॉलर प्रति किलोलीटर हो गई है। यह वृद्धि एक अप्रैल को हुई कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद की गई है। तब दरों में 25 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 1,04,927.18 रुपये प्रति किलोलीटर कर दिया गया था।

विमान ईंधन की कीमतों को दो दशक से अधिक पहले विनियमित कर दिया गया था और तब से ये अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क कीमतों के अनुरूप तय की जाती हैं।

पश्चिम एशिया संकट के कारण हालांकि वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेज उछाल को देखते हुए सरकार और सरकारी तेल कंपनियों ने कीमतों में वृद्धि को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का निर्णय लिया है।

उद्योग सूत्रों के अनुसार, विदेशी विमानन कंपनियों को बाजार दरों पर ईंधन मिलेगा जबकि घरेलू विमानन कंपनियों के लिए कीमतों को नियंत्रित रखा गया है।

एटीएफ से जुड़े नियमों में बदलाव

सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किया है। अब ATF को सिंथेटिक फ्यूल के साथ मिलाकर इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी गई है। इस फैसले से एविएशन सेक्टर में वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती

हालांकि इस बीच, सरकार ने एटीएफ पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती कर राहत दी है। नए फैसले जो 1 मई से लागू हुआ है इसके तहत ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटाकर प्रति लीटर 33 रुपये कर दी गई है, जिस पर सिर्फ स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) लागू होगी।

यह भी पढ़ें:  1 मई से बदल गए पैसे से जुड़े ये नियम

मई महीने की शुरुआत के साथ ही कई ऐसे बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, बैंकिंग आदतों और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। 1 मई से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) और क्रेडिट कार्ड नियमों तक कई अहम अपडेट सामने आए हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में…

समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ