भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर आगामी वित्त वर्ष में 6.4% रहने का अनुमान है जो घरेलू खपत में मजबूती, नीतिगत उपायों और स्थिर बैंकिंग प्रणाली के दम पर जी-20 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज होगी। सोमवार को रेटिंग एजेंसी मूडीज रेटिंग्स ने एक रिपोर्ट में यह बात कही।
मूडीज ने अपनी बैंकिंग प्रणाली परिदृश्य रिपोर्ट में कहा कि एसेट क्वालिटी मजबूत बनी रहेगी। हालांकि सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (MSME) में कुछ दबाव देखने को मिल सकता है। इसके बावजूद, बैंकों के पास ऋण नुकसान को झेलने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है।
रेटिंग एजेंसी ने कहा कि मजबूत व्यापक आर्थिक परिस्थितियों और संरचनात्मक सुधारों के समर्थन से 2026 में बैंकों के लिए ऑपरेशन माहौल मजबूत बना रहेगा। मूडीज ने कहा, ” हमारा अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की वास्तविक GDP दर 6.4% रहेगी जो मजबूत घरेलू खपत एवं नीतिगत उपायों के कारण जी-20 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज होगी।”
रेटिंग एजेंसी ने कहा, ” सितंबर 2025 में माल एवं सेवा कर (GST) का युक्तिकरण और इससे पहले व्यक्तिगत आयकर की सीमा बढ़ाए जाने से उपभोक्ताओं की वहन क्षमता सुधरेगी एवं खपत आधारित वृद्धि को समर्थन मिलेगा।”
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मूडीज का यह अनुमान वित्त मंत्रालय की आर्थिक समीक्षा में जताई गई 6.8-7.2% की सीमा से कम है। आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष (2025-26) में भारत की वृद्धि दर 7.4% रहने की संभावना है जो 2024-25 में दर्ज 6.5% से अधिक है।
मूडीज ने कहा कि महंगाई नियंत्रण में रहने और वृद्धि की गति मजबूत बने रहने से वह उम्मीद करता है कि भारतीय रिजर्व बैंक 2026-27 में मौद्रिक नीति में और ढील तभी देगा, जब आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती के संकेत मिलेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2025 में अपनी नीतिगत दर में कुल 1.25% की कटौती कर इसे 5.25% कर दिया है। मूडीज के अनुसार, समूची बैंकिंग प्रणाली में ऋण वृद्धि वित्त वर्ष 2026-27 में मामूली बढ़कर 11-13% रह सकती है जो वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक 10.6% रही है।
भाषा के इनपुट के साथ
यहां भी पढ़ें: Upcoming IPOs: आय फाइनेंस समेत इस सप्ताह खुल रहे 3 आईपीओ, 4 कंपनियों की होगी बाजार में एंट्री
यहां भी पढ़ें: नौकरी करने वाले ध्यान दें: PF की ब्याज दरों में 0.25% तक की कटौती की संभावना, अगले महीने होगा फैसला
Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।
