Indian Top philanthropy Azim Premji, Wipro: देश के सबसे बड़े दानवीर की बात होती है तो अजीम प्रेमजी का नाम सबसे आगे आता है। वहीं, अजीम प्रेमजी की विप्रो आईटी सेक्टर की चर्चित कंपनियों में गिनी जाती है। अब विप्रो ने एक बड़ा ऐलान किया है।
क्या है विप्रो का ऐलान: विप्रो ने बताया कि वह 11.70 करोड़ डॉलर (करीब 857 करोड़ रुपये) में ऑस्ट्रेलिया स्थित साइबर सुरक्षा उपलब्ध कराने वाली कंपनी एम्पिओन का अधिग्रहण करेगी। विप्रो ने नियामकीय सूचना में कहा है कि एम्पिओन का अधिग्रहण विप्रो के लिये साइबर सुरक्षा, परिचालन बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण इंजीनियरिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे कंपनी के ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड स्थित ग्राहकों और दूसरे पक्षों के साथ प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलेगी।
कंपनी ने कहा है कि यह अधिग्रहण विभिन्न शतों के पूरा होने पर निर्भर करेगा। इसके लिए कई नियामकीय मंजूरियां भी लेनी होंगी और उम्मीद की जाती है कि यह 30 जून 2021 को समाप्त होने वाली तिमाही के अंत तक पूरा हो जायेगा। विप्रो के मुताबिक ये सौदा 11.70 करोड़ अमेरिकी डॉलर में हुआ है। आपको बता दें कि एम्पिओन का मुख्यालय मेलबर्न में है। उसके सिडनी, ब्रिस्बेन और केनबरा में भी कार्यालय हैं।
इससे पहले विप्रो ने वैश्विक स्तर पर प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में परामर्श सेवाएं देने वाली कंपनी कैपको को 1.45 अरब डॉलर (10,500 करोड़ रुपये) में खरीदने का ऐलान किया था। कैप्को का मुख्यालय लंदन में है। ये भारतीय कंपनी द्वारा किसी कंपनी को खरीदने का सबसे बड़ा सौदा है।
अजीम प्रेमजी की दौलत: दुनिया के दौलतमंद अरबपतियों की सूची में विप्रो के फाउंडर अजीम प्रेमजी (Azim premji networth) 55वें स्थान पर आते हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अजीम प्रेमजी की दौलत 26.8 बिलियन डॉलर है। भारत के अरबपतियों में अजीम प्रेमजी के आगे पलोनजी मिस्त्री, गौतम अडानी और मुकेश अंबानी हैं।
हालांकि, इनमें पलोनजी मिस्त्री ने आयरिश नागरिकता ले रखी है लेकिन ज्यादातर समय वह भारत में रहते हैं। आपको यहां बता दें कि अजीम प्रेमजी देश के सबसे बड़े दानवीर के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने 7,904 करोड़ रुपये के योगदान के साथ एडलगिव हुरुन इंडिया की परोपकारियों की सूची (फिलैनथ्रॉपी लिस्ट) 2020 में शीर्ष स्थान हासिल किया है।