India-China Trade: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत और चीन के बीच व्यापार को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में गैर-शुल्क बाधाएं (नॉन-टैरिफ बैरियर) सबसे बड़ी रुकावट हैं। उनके मुताबिक, लंबे समय से व्यापारिक संबंध होने के बावजूद भारत और चीन के बीच व्यापार का असंतुलन भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
निर्मला सीतारमण ने यह बात शुक्रवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में विश्व बैंक और IMF की वार्षिक बैठकों के दौरान कही। वह अटलांटिक काउंसिल के माइकल कुगेलमैन के साथ भारत की आर्थिक बढ़त पर चर्चा कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने भारत-चीन व्यापार से जुड़ी चुनौतियों पर अपनी बात रखी।
भारत-चीन व्यापार पर क्या बोलीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण?
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक बीजिंग के साथ व्यापारिक तनाव पर बात करते हुए सीतारमण ने कहा, “भारत और चीन के बीच व्यापार में गैर-शुल्क बाधाएं सबसे बड़ी बाधा हैं। एक तो यह बात है और दूसरी बात यह है कि आज दुनिया भर में जो रुख देखने को मिलता है, जहां व्यापार असंतुलन बहुत ज्यादा है, वहां देश टैरिफ लगाते हैं और कहते हैं, ‘हम इस असंतुलन को और नहीं सह सकते; या तो आप इसे ठीक करें, वरना हम आपके खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे।’ लेकिन हमने कभी ऐसा रुख नहीं अपनाया है।”
सीतारमण ने बताया कि चीन के साथ व्यापार संतुलन भारत के खिलाफ है और यह बहुत तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “हम कई वर्षों से चीन के साथ इस व्यापार असंतुलन के बारे में बात कर रहे हैं। हमें वहां बाजार तक पहुंच नहीं दी जाती, जबकि चीन में हमारे कई उत्पादों के लिए बाजार के बहुत बड़े अवसर मौजूद हैं।”
उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी होने के बावजूद, कई प्रमुख क्षेत्रों में लगातार रुकावटों का सामना करना पड़ता है।
चीन में भारतीय उत्पादों की मांग, फिर भी बाजार में पहुंच मुश्किल
मंत्री ने कहा, “हम जेनेरिक दवाओं, सब्जियों और जल्दी खराब होने वाली अन्य वस्तुओं के मामले में वैश्विक स्तर पर अग्रणी हैं। चीन में इन सभी उत्पादों की भारी मांग हो सकती है। मुझे लगता है कि एक दशक बीत चुका है, जब से हम लगातार भारतीय उत्पादों के लिए चीन के बाजार तक पहुंच की मांग कर रहे हैं। लेकिन ‘नॉन-टैरिफ बैरियर’ बहुत मजबूत हैं। चीन बिना किसी हिचकिचाहट के इनका इस्तेमाल करता है चाहे वह ‘फाइटोसेनेटरी’ उपायों के नाम पर हो या किसी और बहाने से। इन मुद्दों पर जांच हो सकती है, दोनों पक्ष बैठकर बातचीत कर सकते हैं, लेकिन अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है।”
व्यापारिक विवादों को सुलझाने के लिए अचानक जवाबी शुल्क लगाने के बजाय बातचीत का रास्ता चुनने के भारत के अलग नज़रिए पर जोर देते हुए, उन्होंने कहा, “भारत व्यापार वार्ताओं को इसी तरह से देखता है। हम बैठकर बातचीत करते हैं। कभी-कभी यह प्रक्रिया काफी थकाऊ हो सकती है। लेकिन हम दूसरे पक्ष द्वारा लगाए गए गैर-शुल्क बाधाओं का जवाब CVD (काउंटरवेलिंग ड्यूटी) या अन्य गैर-शुल्क बाधाएं लगाकर देने के बजाय, बातचीत का ही रास्ता अपनाते हैं। यही वजह है कि चीन और हमारे बीच मौजूद असंतुलन को ठीक करना हमारे लिए मुश्किल हो जाता है।”.
यह भी पढ़ें: इलॉन मस्क के आरोपों पर रिलायंस की दो टूक
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सैटेलाइट इंटरनेट के कारोबार में इलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक समेत दूसरी कंपनियों से मुकाबले का स्वागत किया है। कंपनी का कहना है कि इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। स्टारलिंक को भारत में लॉन्च करने में देरी को लेकर मस्क के आरोपों पर रिलायंस की ओर से यह पहला आधिकारिक बयान है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
