केंद्र सरकार ने बुधवार को आईडीबीआई बैंक की बड़ी हिस्सेदारी को कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स बेचने की मंजूरी दे दी। इस फैसले के तहत सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) मिलकर बैंक में अपनी 60.72% हिस्सेदारी कनाडाई कंपनी ‘कनाडा इंक’ को बेचेंगे, जिसकी पैरेंट कंपनी फेयरफैक्स है। यह डील लगभग 52,878 करोड़ रुपए में होने का प्रस्ताव है।

फेयरफैक्स को आईडीबीआई बैंक की बड़ी हिस्सेदारी बेचने का सौदा मोदी सरकार की अब तक की सबसे बड़ी बिक्री होगी। पिछले 10 साल में सरकार किसी सरकारी कंपनी को बेचने या उसमें अपनी बड़ी हिस्सेदारी छोड़ने के ऐसे 12 सौदे कर चुकी है। आईडीबीआई बैंक का सौदा इस कड़ी में 13वां होगा।

इस सौदे की रकम 2021 में टाटा समूह को एयर इंडिया बेचने के लिए मिले 18,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा होगी। यानी आईडीबीआई बैंक की बिक्री एयर इंडिया के सौदे से भी बड़ी होगी। यह सरकारी कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेचने के मामले में सरकार का अब तक का सबसे बड़ा सौदा होगा। आइए जानते हैं कि पिछले 10 साल में सरकार ने किन-किन कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेची और इन सौदों से कितनी रकम मिली…

पिछले 10 साल में सरकार ने किन कंपनियों की हिस्सेदारी बेची?

  1. वित्त वर्ष 2026-27: आईडीबीआई बैंक में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी 52,878 करोड़ रुपये में बेची जाएगी। वहीं, इंडियन मेडिसिन्स फार्मास्यूटिकल्स कॉरपोरेशन को 119 करोड़ रुपये में बेचा गया।
  2. वित्त वर्ष 2023-24: एमएसटीसी की अनुषंगी कंपनी फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड को जापान की कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी को 320 करोड़ रुपये में बेचा गया। इस सौदे की रकम सरकारी खजाने में नहीं आई।
  3. वित्त वर्ष 2022-23: नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड को टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट्स ने 12,100 करोड़ रुपये में खरीदा। इस बिक्री से मिली रकम सरकारी खजाने में नहीं आई।
  4. वित्त वर्ष 2021-22: टाटा समूह की कंपनी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड ने एअर इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों को 18,000 करोड़ रुपये में खरीदा।
  5. वित्त वर्ष 2019-20: इस साल तीन कंपनियों के सौदे हुए। टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को एनटीपीसी ने 7,500 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन को भी एनटीपीसी ने 4,000 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके अलावा, कामराजार पोर्ट लिमिटेड को चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट को 2,383 करोड़ रुपये में बेचा गया।
  6. वित्त वर्ष 2018-19: इस साल चार सौदे हुए। पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन ने आरईसी में 52.63 फीसदी हिस्सेदारी 14,500 करोड़ रुपये में खरीदी। एचएससीसी (इंडिया) लिमिटेड को एनबीसीसी ने 285 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन को वैपकॉस को 80 करोड़ रुपये में बेचा गया। इसके अलावा, ड्रेजिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को बंदरगाहों के एक समूह ने 1,049 करोड़ रुपये में खरीदा।
  7. वित्त वर्ष 2017-18: सरकारी तेल कंपनी ओएनजीसी ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसीएल) में 51.11 फीसदी हिस्सेदारी 36,915 करोड़ रुपये में खरीदी।

विनिवेश क्या होता है?

आसान भाषा में समझें तो जब सरकार किसी सरकारी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचती है, तो इसे विनिवेश कहा जाता है। यह हिस्सेदारी आंशिक या पूरी हो सकती है। इसका उद्देश्य सरकारी खजाने के लिए पैसा जुटाना और कंपनियों के कामकाज में सुधार करना होता है।

भारत में साल 1991 के आर्थिक उदारीकरण के बाद विनिवेश की प्रक्रिया को बढ़ावा मिला। इसके तहत सरकार ने कई सरकारी कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेची है। कुछ मामलों में कंपनियों का प्रबंधन भी निजी कंपनियों को सौंपा गया है। हालांकि, हर विनिवेश में कंपनी का पूरा मालिकाना हक या प्रबंधन निजी हाथों में नहीं जाता।

यह भी पढ़ें: IDBI Bank Sale: कैबिनेट ने 52878 करोड़ रुपये की डील पर लगाई मुहर

केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने बुधवार को बैंक की 60.72% हिस्सेदारी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को 52,878 करोड़ रुपये में बेचने की मंजूरी दे दी। यहां पढ़ें पूरी खबर…