आज के समय में करोड़ों भारतीय म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश कर रहे हैं। एसआईपी और एकमुश्त निवेश दोनों का चलन तेजी से बढ़ा है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस म्यूचुअल फंड में आप पैसा लगाते हैं, उससे कंपनी की कमाई कैसे होती है?

क्या आपके निवेश का कोई हिस्सा कंपनी को मिलता है? अगर हां, तो वह पैसा किस रूप में लिया जाता है और इसके लिए नियम कौन तय करता है? ये सवाल अक्सर निवेशकों के मन में आते हैं।

दरअसल, म्यूचुअल फंड का प्रबंधन एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) करती है। यही कंपनी निवेशकों के पैसे को अलग-अलग म्यूचुअल फंड स्कीम के जरिए शेयर, बॉन्ड और अन्य परिसंपत्तियों में निवेश करती है।

आइए आसान भाषा में समझते हैं कि म्यूचुअल फंड कंपनी की कमाई का पूरा सिस्टम कैसे काम करता है…

कहां से होती है कंपनी की कमाई?

म्यूचुअल फंड कंपनी की स्कीम्स से होने वाली प्रमुख कमाई एक्सपेंस रेशियो (Expense Ratio) के माध्यम होती है।

एक्सपेंस रेशियो वह वार्षिक शुल्क है, जो किसी म्यूचुअल फंड स्कीम के संचालन और प्रबंधन पर आने वाले खर्च को पूरा करने के लिए लिया जाता है। इसमें फंड मैनेजमेंट, रिसर्च, रिकॉर्ड कीपिंग, रजिस्ट्रार सेवाएं, वितरण और अन्य संचालन संबंधी खर्च शामिल हो सकते हैं। सेबी इसके लिए नियम और अधिकतम सीमा तय करता है।

यह शुल्क निवेशकों से अलग से नहीं लिया जाता, बल्कि स्कीम की नेट एसेट वैल्यू (NAV) में समायोजित होता है।

क्या है AUM का कनेक्शन?

Assets Under Management (AUM) इसका मतलब है कि किसी म्यूचुअल फंड स्कीम या AMC के पास निवेशकों का कुल कितना पैसा प्रबंधन के लिए है।

अगर किसी AMC का AUM बढ़ता है, तो उसी एक्सपेंस रेशियो के आधार पर उसकी संभावित मैनेजमेंट फीस भी बढ़ सकती है। हालांकि, किसी स्कीम का एक्सपेंस रेशियो SEBI के नियमों के दायरे में ही होता है।

क्या निवेशक की पूरी कमाई में से पैसा कटता है?

नहीं। एक्सपेंस रेशियो स्कीम की कुल संपत्ति से तय नियमों के अनुसार समायोजित किया जाता है। निवेशक को अलग से भुगतान नहीं करना पड़ता है।

निवेशक को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

म्यूचुअल फंड चुनते समय केवल पिछले रिटर्न पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। एक्सपेंस रेशियो, फंड का प्रदर्शन, निवेश का उद्देश्य और फंड मैनेजर की रणनीति जैसे पहलुओं को भी समझना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: Mis-selling क्या होती है? वित्तीय उत्पादों की बिक्री से जुड़े RBI के नए नियम समझिए

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों और रेगुलेटेड एंटिटीज द्वारा वित्तीय उत्पादों या सेवाओं की बिक्री से जुड़े नियम कड़े कर दिए। इस कदम का उद्देश्य लेंडर्स द्वारा फाइनेंशियल प्रोडक्ट की गलत बिक्री को रोकना, गलत मार्केटिंग तरीकों पर रोक लगाना और कस्टमर की सहमति, डिस्क्लोजर और बिक्री के तरीकों के नियमों को कड़ा करना है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

[Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।]