HDFC Mutual Fund NFO Review : एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने निवेशकों के लिए एक नई इंडेक्स स्कीम पेश की है। एचडीएफसी निफ्टी इंडिया कंजम्प्शन इंडेक्स फंड (HDFC Nifty India Consumption Index Fund) के नाम से पेश यह स्कीम भारत में कंजम्प्शन की ग्रोथ से जुड़ी कंपनियों के इंडेक्स को ट्रैक करेगी। इस न्यू फंड ऑफर (NFO) में निवेश 4 फरवरी 2026 से खुल गया है और 13 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा। इस स्कीम का मकसद निफ्टी इंडिया कंजम्प्शन इंडेक्स (Nifty India Consumption Index – TRI) को रिप्लीकेट करना है। यानी यह एक पैसिव फंड होगा, जिसके पोर्टफोलियो में निफ्टी इंडिया कंजम्प्शन इंडेक्स में शामिल स्टॉक्स उसी अनुपात में शामिल होंगे।

क्यों अहम है भारत की कंजम्प्शन स्टोरी

भारत में खपत आधारित अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाले कई फैक्टर सामने आ रहे हैं। हाल के वर्षों में इनकम टैक्स में राहत से लोगों की डिस्पोजेबल इनकम बढ़ी है। जीएसटी की दरों में कमी से रोजमर्रा के सामान सस्ते होने का फायदा भी इस सेक्टर को मिल रहा है। इसके अलावा रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती किए जाने से लोन सस्ते हुए हैं, जिससे ऑटो, हाउसिंग और कंज्यूमर गुड्स जैसी कैटेगरी में मांग बढ़ने के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा अच्छे मॉनसून और महंगाई दर के काबू में रहने को भी कंज्यूमर्स की परचेजिंग पावर को मजबूत करने वाले फैक्टर्स में शामिल किया जा रहा है।

Nifty 50 vs निफ्टी इंडिया कंजम्पशन इंडेक्स

एचडीएफसी म्यूचुअल फंड द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक लंबी अवधि में निफ्टी इंडिया कंजम्पशन इंडेक्स (Nifty India Consumption TRI) का प्रदर्शन Nifty 50 TRI से बेहतर रहा है। इन आंकड़ों के मुताबिक 3, 5, 10 और 15 साल में इस इंडेक्स ने Nifty 50 से ज्यादा रिटर्न दिया है। 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार 

  • 1 साल में Nifty India Consumption TRI का रिटर्न 9.2% रहा, जबकि Nifty 50 TRI ने 11.9% रिटर्न दिया।
  • 3 साल में कंजम्प्शन इंडेक्स का रिटर्न 18.7% और Nifty 50 का 14.3% रहा।
  • 5 साल में कंजम्प्शन इंडेक्स का रिटर्न 17% और Nifty 50 का 14.7% रहा।
  • 10 साल में कंजम्प्शन इंडेक्स का रिटर्न 14.3% और Nifty 50 का 14.0% फीसदी रहा।
  • 15 साल में कंजम्प्शन इंडेक्स ने 14.5% और Nifty 50 ने 11.5% रिटर्न दिया।

ये आंकड़े बताते हैं कि लंबे समय में खपत आधारित कंपनियों का औसत रिटर्न बाजार की टॉप 50 कंपनियों के मुकाबले बेहतर रहा है। हालांकि कम अवधि में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Also read : Gold, Silver Outlook : सोने, चांदी में कैसी रहेगी आगे की चाल? भारत-अमेरिका टैरिफ डील का क्या होगा लॉन्ग टर्म असर

NFO की निवेश रणनीति

HDFC Nifty इंडिया कंजम्प्शन इंडेक्स फंड एक पैसिव स्कीम होगी। यह स्कीम अपने बेंचमार्क Nifty India Consumption Index (TRI) के इनवेस्टमेंट स्ट्रक्चर को दोहराने की कोशिश करेगी। इसमें इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाएगा। चूंकि यह इंडेक्स फंड है, इसलिए फंड मैनेजर की भूमिका सीमित रहेगी और निवेश इंडेक्स के मुताबिक किया जाएगा। इस फंड को नंदिता मेनजिस (Nandita Menezes) और अरुण अग्रवाल (Arun Agarwal) मैनेज करेंगे।

Also read : Gold Silver ETF: एक साल में सिल्वर ने 152% तो गोल्ड फंड्स ने 76% दिया मुनाफा, कैसा रहा टॉप 5 स्कीम का रिटर्न

रिस्क फैक्टर क्या हैं

यह एक थीमैटिक यानी थीम पर आधारित स्कीम है, इसलिए इसके प्रदर्शन पर कंजम्पशन से जुड़ी कंपनियों के परफॉर्मेंस का सीधा असर पड़ेगा। थीमैटिक इक्विटी स्कीम होने की वजह से रिस्कोमीटर पर इसका रिस्क लेवल बहुत अधिक (Very High) रखा गया है। कंजम्प्शन थीम पर ज्यादा निर्भरता होने से सेक्टर-स्पेसिफिक रिस्क बढ़ सकता है। अगर किसी वजह से खपत से जुड़े सेक्टर दबाव में आते हैं, तो फंड के प्रदर्शन पर भी असर पड़ सकता है। इसके अलावा, यह इंडेक्स फंड होने के कारण ट्रैकिंग एरर का जोखिम भी रहता है, यानी फंड का रिटर्न इंडेक्स से थोड़ा अलग हो सकता है। इसलिए यह स्कीम उन निवेशकों के लिए ज्यादा सही मानी जा सकती है, जो लंबी अवधि यानी कम से कम 7 साल के लिए के लिए निवेश करना चाहते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव को सहने की क्षमता रखते हैं। 

Also read : Gold/Silver Rate Today : रिकॉर्ड गिरावट के बाद सोने-चांदी में बड़ी रिकवरी

निवेश से पहले ध्यान रखें

यह स्कीम उन लोगों के लिए हो सकती है, जो भारत की कंजम्पशन आधारित ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा करते हैं और उसमें शामिल होना चाहते हैं। लेकिन थीमैटिक फंड होने के कारण इसमें डायवर्सिफिकेशन सीमित रहता है। निवेश से पहले यह समझना जरूरी है कि यह फंड ब्रॉड मार्केट की बजाय एक खास थीम पर आधारित है। अगर किसी कारण से कंजम्प्शन एक्सपेंडीचर में सुस्ती आती है, तो इसका सीधा असर इस इंडेक्स पर पड़ सकता है। ऐसे में निवेशकों को कोई भी फैसला करते अपनी रिस्क बर्दाश्त करने की क्षमता और निवेश की समय-सीमा को ध्यान में रखना चाहिए। 

NFO की बड़ी बातें 

  • स्कीम का नाम : HDFC Nifty India Consumption Index Fund
  • NFO की अवधि : 4 फरवरी से 13 फरवरी 2026
  • बेंचमार्क : Nifty India Consumption Index (TRI)
  • फंड मैनेजर : नंदिता मेनजिस और अरुण अग्रवाल
  • एंट्री और एग्जिट लोड : कुछ नहीं
  • मिनिमम इनवेस्टमेंट : 100 रुपये
  • स्कीम रिस्कोमीटर : बहुत अधिक (Very High)

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं। निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी से मान्यताप्राप्त इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें।)