HCL Tech Q2 Results: आईटी कंपनी एचसीएल टेक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का एकीकृत शुद्ध मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 21.18 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये हो गया है।
एचसीएल टेक ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 4,235 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था। इस तरह कंपनी के मुनाफे में एक साल के दौरान 897 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
परिचालन आय 11.5% बढ़ी
समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक, कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.5 प्रतिशत बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31,942 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत और परिचालन आय तीन प्रतिशत बढ़ी। कंपनी की आईटी और व्यावसायिक सेवाओं से आय एक साल पहले के 23,693 करोड़ रुपये से बढ़कर 26,938 करोड़ रुपये हो गई।
वहीं, इंजीनियरिंग और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सेवाओं से आय 5,423 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,973 करोड़ रुपये रही। हालांकि, एचसीएल सॉफ्टवेयर से आय एक साल पहले के 2,826 करोड़ रुपये से घटकर 2,709 करोड़ रुपये रह गई।
EBIT मार्जिन में 18.2% की वृद्धि
एचसीएल टेक्नोलॉजीज का ईबीआईटी मार्जिन 18.2% रहा, जो तिमाही आधार पर 131 बेसिस पॉइंट और वार्षिक आधार पर 71 बेसिस पॉइंट बढ़ा है।
डिविडेंड का ऐलान
एचसीएल टेक ने सितंबर में समाप्त तिमाही के लिए 12 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। उपर्युक्त अंतरिम डिविडेंड के भुगतान की रिकॉर्ड तिथि 16 अक्टूबर, 2026 होगी और उक्त अंतरिम डिविडेंड के भुगतान की तिथि 26 अक्टूबर, 2026 होगी।
यह भी पढ़ें: 5000 रुपये के बजट में शुरू करें ये 5 बिजनेस
त्योहारों का सीजन पास आते ही बाजारों में खरीदारों की रौनक बढ़ने लगती है। लोग कपड़े, मिठाई और घर के सामान के साथ-साथ कई छोटी-छोटी चीजों और सेवाओं पर भी खर्च करते हैं। यही वजह है कि त्योहारों के दौरान कुछ छोटे कामों की मांग अचानक बढ़ जाती है।
अगर आप भी इस मौके का फायदा उठाकर अपना काम शुरू करना चाहते हैं, तो इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं है। करीब 5000 रुपये में भी कुछ ऐसे बिजनेस शुरू किए जा सकते हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
