हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। भारत सरकार ने हवाई किराए के नए नियम जारी किए है। क्रूड ऑयल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच हवाई किराए में हो रही बढ़ोतरी को लेकर चिंताओं के बीच यह नए नियम जारी किए गए हैं। इन नियमों के तहत, असाधारण परिस्थितियों में और जनहित को ध्यान में रखते हुए, सरकार एयरलाइन टिकट की कीमतों में दखल दे सकती है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा अधिसूचित ‘भारतीय वायुयान नियम, 2026’ के तहत, यदि केंद्र सरकार को लगता है कि किसी असाधारण स्थिति में दखल देना जरूरी है, तो वह एयरलाइनों को किराए के संबंध में निर्देश जारी कर सकती है।
ऐसे निर्देश हालात के हिसाब से होंगे और केवल एक तय समय सीमा तक ही लागू रहेंगे।
नियम 192 के अनुसार, नियमित हवाई सेवाएं देने वाली एयरलाइनों को परिचालन लागत जैसे कारकों के आधार पर अपना किराया तय करना होगा और किराए का पूरा विवरण नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सौंपना होगा।
नियम में कहा गया है कि यदि सरकार को लगता है कि कोई असाधारण स्थिति पैदा हो गई है और जनहित में दखल देना जरूरी है, तो वह लिखित निर्देश जारी कर सकती है।
नए नियमों के तहत, एयरलाइनों को पारदर्शिता बनाए रखने और यात्रियों को जानकारी देने के लिए अपना किराया अपनी वेबसाइटों और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित करना होगा। DGCA नियमित हवाई सेवाएं देने वाली एयरलाइनों द्वारा तय किए गए किराए की निगरानी करेगा।
यह अधिसूचना टिकट की कीमतों में पारदर्शिता की जरूरतों को और मजबूत करती है। इसके तहत एयरलाइनों के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे बुकिंग प्रक्रिया के दौरान और टिकट पर यात्रियों द्वारा भुगतान की जाने वाली कुल राशि को स्पष्ट रूप से दिखाएं।
एयरलाइनों को बेस फेयर (मूल किराया), टैक्स, शुल्क, कैंसिलेशन चार्ज, रिफंड की शर्तें और अन्य लागू शुल्कों का अलग-अलग विवरण भी देना होगा।
ये नियम सरकार को दिए जाने वाले टैक्स और यात्रियों को दी जाने वाली सेवाओं या सुविधाओं के लिए एयरलाइनों द्वारा वसूले जाने वाले शुल्क के बीच अंतर स्पष्ट करते हैं।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, भारत ने 1994 में हवाई किराए तय करने की प्रक्रिया को नियंत्रण मुक्त कर दिया था, जिससे एयरलाइनों को बाजार की स्थितियों के आधार पर टिकट की कीमतें तय करने की छूट मिल गई।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि एयरलाइंस आमतौर पर मांग, परिचालन लागत और बुकिंग के समय के आधार पर किराया तय करती हैं, जिसमें यात्रियों के लिए अलग-अलग प्राइसिंग बैंड (कीमत के दायरे) उपलब्ध होते हैं।
