अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो चुका है। इस समझौते के बाद सोमवार को तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली।
ब्रेंट क्रूड 3.9 फीसदी गिरकर 84 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.8 फीसदी गिरकर लगभग 81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारत में अभी तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज नहीं की गई है। लेकिन बाकी देशों में यह गिरावट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस ऐलान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बन चुकी है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अब खोल दिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा था, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ हमने अपना समझौता पूरा कर लिया है। मैं इसके जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी शुल्क के खोलने की मंजूरी दे रहा हूं।”
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी ऐलान किया कि अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। अब दुनिया भर के जहाज अपने इंजन चालू कर सकते हैं और तेल का प्रवाह फिर से शुरू हो सकता है।
बड़ी बात यह है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से यह ऐलान ऐसे समय किया गया है, जब व्हाइट हाउस उनके 80वें जन्मदिन की तैयारियों में जुटा हुआ है।
वहीं, ईरान और अमेरिका के बीच हुई इस डील का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बाजार तेजी के साथ खुला है। सेंसेक्स 1189.61 अंक यानी 1.58 फीसदी की बढ़त के साथ 76,717 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी में भी करीब 1.5 फीसदी की तेजी देखने को मिली और वह 23,979 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान में हुआ शांति समझौता
