कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों के लिए गुड न्यूज है। ईपीएफओ जल्द ही एक नया मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी में है। इस मोबाइल ऐप के मदद से सब्सक्राइबर्स UPI का इस्तेमाल करते अपने पीएफ का पैसा निकाल पाएंगे। समाचार एजेंसी भाषा ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि श्रम मंत्रालय एक ऐसी परियोजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत ईपीएफ का एक निश्चित हिस्सा सुरक्षित कर दिया जाएगा, जबकि एक बड़ा हिस्सा यूपीआई के जरिये बैंक खाते के माध्यम से निकासी के लिए उपलब्ध होगा।
सूत्र ने आगे बताया कि EPFO एक नया मोबाइल ऐप पेश करेगा, जिसके जरिये सदस्य UPI गेटवे का उपयोग करके पैसे निकालने के साथ ही पासबुक शेष राशि जैसी अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस समय सदस्य अपने ईपीएफ खातों तक पहुंचने और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए या तो यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) पोर्टल या ‘उमंग’ ऐप का उपयोग करते हैं। ये सेवाएं दोनों मंच पर उपलब्ध रहेंगी, जबकि नया समर्पित ऐप EPFO ग्राहकों के लिए सेवाओं की पहुंच और वितरण में सुधार करेगा।
सूत्र ने बताया कि अंशधारक मोबाइल ऐप के जरिये अपने बैंक खातों में हस्तांतरण के लिए उपलब्ध पात्र ईपीएफ शेष राशि देख सकेंगे। उन्हें लेनदेन पूरा करने के लिए अपने जोड़े गए UPI पिन का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी, जिससे बैंक खातों में धन का सुरक्षित हस्तांतरण सुनिश्चित होगा।
EPFO इस सेवा का फिलहाल परीक्षण कर रहा है। श्रम मंत्रालय द्वारा इस साल अप्रैल में बड़े स्तर पर इस ऐप को पेश किए जाने की संभावना है।
अभी कैसे निकलता है पैसा?
EPFO सदस्यों को पैसा निकालने के लिए अभी विड्राल क्लेम फाइल करना पड़ता है, जो समय लेने वाली प्रोसेस है। हालांकि, अब ऑटो-सेटलमेंट मोड के तहत कई मामलों में क्लेम 3 दिन के भीतर बिना किसी मैन्युअल दखल के सेटल हो जाता है। इस ऑटो-सेटलमेंट की सीमा पहले 1 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है।
समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
यहां भी पढ़ें: Upcoming IPOs: आय फाइनेंस समेत इस सप्ताह खुल रहे 3 आईपीओ, 4 कंपनियों की होगी बाजार में एंट्री
यहां भी पढ़ें: नौकरी करने वाले ध्यान दें: PF की ब्याज दरों में 0.25% तक की कटौती की संभावना, अगले महीने होगा फैसला
Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।
