Gold Silver Price: वायदा कारोबार में चांदी की कीमत गुरुवार, 29 जनवरी को चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई। वहीं सोने का भाव 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑलटाइम हाई लेवल पर पहुंच गया। निवेशकों की मजबूत मांग तेजी की प्रमुख वजह रही।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी के मार्च में आपूर्ति वाले अनुबंधों का वायदा भाव 22,090 रुपये या 5.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,07,456 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सोने के वायदा भाव में भी तेजी रही। एमसीएक्स पर फरवरी में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 14,586 रुपये या 8.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,80,501 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

बजट से पहले पीएम मोदी बोले- यूरोपीय संघ के साथ एफटीए समझौते से आत्मनिर्भर भारत को मजबूती

ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स बाजार पर सोने के वायदा भाव ने पहली बार 5,600 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर दिया। अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने का भाव 286.6 डॉलर या 5.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

कॉमेक्स बाजार में चांदी के वायदा भाव में भी तेजी रही और यह 119.51 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। विश्लेषकों का कहना है कि चांदी की औद्योगिक मांग में तेजी और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने चांदी को और अधिक समर्थन दिया जो हाल के सत्रों में सोने से बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

टूटे सारे रिकॉर्ड! चांदी की कीमत ₹4 लाख के पार, सोना ₹1.8 लाख प्रति 10 ग्राम के ऊपर

उन्होंने कहा कि आर्थिक अनिश्चितताओं और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच व्यापारियों द्वारा लगातार सुरक्षित निवेश के रूप में की जा रही खरीदारी से सोने की कीमतों में तेजी जारी रही।

Gold और silver की कीमतें तेजी से क्यों बढ़ रही है?

भू-राजनीतिक तनाव: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव, संभावित सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमलों की चेतावनियों ने वैश्विक अनिश्चितता बढ़ा दी है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश (safe-haven) के तौर पर सोना-चांदी की ओर भागते हैं।

जोखिम से बचाव की मांग: युद्ध और राजनीतिक अस्थिरता की आशंका से जोखिम वाली संपत्तियों (जैसे शेयर) से पैसा निकलकर बुलियन में जा रहा है।

केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: कई देशों के केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं जिससे मांग और कीमतें दोनों बढ़ रही हैं।

कमजोर डॉलर: डॉलर में कमजोरी आने पर सोना-चांदी सस्ते लगते हैं जिससे अंतरराष्ट्रीय मांग बढ़ती है।

महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता: निवेशक महंगाई और आर्थिक जोखिमों से बचाव के लिए कीमती धातुओं को तरजीह दे रहे हैं।

एक सप्ताह में सोने-चांदी की कीमत में कितनी तेजी?

आपको बता दें कि MCX पर 21 जनवरी को चांदी का रेट 3.18 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था। जो अब तक 88000 रुपये चढ़कर 4 लाख रुपये के पार पहुंच गई है। जबकि सोना 21 जनवरी को 1.60 लाख रुपये पर था और अब 33 हजार रुपये महंगा होकर 1.93 लाख रुपये के पार पहुंच गया है।

[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]