Gold ETF AMFI Data : पिछले एक साल में सोने के भाव में आई जबरदस्त तेजी के दौरान गोल्ड में म्यूचुअल फंड्स के जरिये किया जाने वाला निवेश भी कई गुना बढ़ गया है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 31 जनवरी 2026 को गोल्ड ईटीएफ का नेट एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पिछले साल की इसी तारीख यानी 31 जनवरी 2025 की तुलना में ढाई गुना से भी ज्यादा हो चुका है। इसी दौरान गोल्ड ईटीएफ के मंथली फंड इनफ्लो में 540% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। 

इतना ही नहीं, 31 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच यानी महज एक महीने के दरमियान भी गोल्ड ईटीएफ के नेट AUM में 44% से ज्यादा बढ़त देखने को मिली है। ध्यान रहे कि ये सभी आंकड़े गोल्ड ईटीएफ में होने वाले निवेश के हैं, गोल्ड पर मिलने वाले रिटर्न के नहीं। 

गोल्ड ETF के नेट इनफ्लो में जबरदस्त उछाल

AMFI के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2026 के दौरान गोल्ड ईटीएफ में 24,039.96 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया। दिसंबर 2025 में यह आंकड़ा 11,646.74 करोड़ रुपये और एक साल पहले जनवरी 2025 में सिर्फ 3,751.42 करोड़ रुपये था। इस हिसाब से गोल्ड ईटीएफ का मंथली फंड इनफ्लो पिछले एक महीने में ही 106.41% बढ़ गया है, जबकि जनवरी 2025 के मुकाबले तो इसमें 540.82% का उछाल आया है। इससे पता चलता है कि सोने में निवेश के प्रति निवेशकों का रुझान कितनी तेजी से बढ़ा है।

Also read : AMFI Data: इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में लगातार दूसरे महीने गिरा निवेश, जनवरी में 14.35% घटा नेट इनफ्लो

गोल्ड ETF का नेट AUM भी कई गुना बढ़ा

AMFI के आंकड़ों को देखने से पता चलता है कि गोल्ड ईटीएफ में नेट एसेट अंडर मैनेजमेंट (Gold ETF Net AUM) भी काफी तेजी से बढ़ा है। 31 जनवरी 2026 को यह आंकड़ा 1,84,276.96 करोड़ रुपये पर था, जबकि 31 दिसंबर 2025 को गोल्ड ईटीएफ का नेट AUM 1,27,896.38 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। यानी एक महीने में ही गोल्ड ईटीएफ का नेट एयूएम 44.08% बढ़ा है। वहीं, एक साल पहले के आंकड़ों को देखें तो 31 जनवरी 2025 को गोल्ड ईटीएफ का नेट एयूएम सिर्फ 51,839.39 करोड़ रुपये था। इस हिसाब से एक साल के दौरान गोल्ड ईटीएफ का नेट एयूएम 255.48% बढ़ा है। 

इसी दौरान गोल्ड ईटीएफ के मंथली एवरेज नेट एयूएम में भी अच्छी खासी तेजी देखने को मिली है। जनवरी 2026 में गोल्ड ईटीएफ का एवरेज नेट एयूएम 1,50,380.66 करोड़ रुपये रहा, जो दिसंबर 2025 के 1,20,867.22 करोड़ रुपये के एवरेज नेट एयूएम से 24.42% अधिक है। वहीं, जनवरी 2025 के 47,940.63 करोड़ रुपये के एवरेज नेट एयूएम की तुलना में जनवरी 2026 का आंकड़ा 213.68% का उछाल दिखा रहा है। 

Also read : Gold/Silver Rate Today : सोने-चांदी में गिरावट जारी, शादियों के सीजन में सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर

गोल्ड की कीमतों में तेजी का असर 

गोल्ड ईटीएफ में निवेशकों की इस बढ़ती दिलचस्पी की मुख्य वजह पिछले एक साल के दौरान फिजिकल गोल्ड की कीमतों में आई तेजी है। पिछले एक साल के दौरान फिजिकल गोल्ड की कीमतों में 90% से 100% तक की बढ़त देखने को मिली है। 29 जनवरी 2026 को 24 कैरेट गोल्ड की कीमतों ने 175,930 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई लेवल छुआ था। 

Also read : Silver ETF, FOF : चांदी में निवेश करने वाले NFO में सब्सक्रिप्शन खुला, चेक करें रिस्क फैक्टर समेत हर डिटेल

निवेशकों के लिए सावधानी जरूरी 

फिजिकल गोल्ड हो या सोने में निवेश करने वाले गोल्ड ईटीएफ, पिछले एक साल में उनके रिटर्न और निवेश के आंकड़े काफी अच्छे रहे हैं। लेकिन यह बिलकुल जरूरी नहीं है कि तेजी का यह सिलसिला आगे भी जारी रहे। सोने में किसी भी रास्ते से निवेश करें, उस पर मिलने वाले रिटर्न गारंटीड नहीं, बल्कि बाजार पर आधारित होते हैं। यही वजह है कि गोल्ड ईटीएफ को रिस्कोमीटर पर हाई रिस्क की रेटिंग दी जाती है। शॉर्ट टर्म में यह रिस्क और भी ज्यादा रहता है। इसलिए गोल्ड में निवेश तभी करें जब लंबी अवधि तक होल्ड करने की तैयारी हो और फैसला करते समय अपनी रिस्क लेने की क्षमता को हमेशा ध्यान में रखें।

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं। निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी से मान्यताप्राप्त इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें।)