अडानी ग्रुप का कारोबार बढ़ाने में इस शख्स की अहम भूमिका, 2 सफल कंपनियों की है जिम्मेदारी
गौतम अडानी अब दुनिया के टॉप 20 दौलतमंद अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं। दौलत के मामले में गौतम अडानी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी के बीच की दूरी अब कम हो गई है।

गौतम अडानी की अगुवाई में अडानी ग्रुप 100 अरब डॉलर से अधिक मार्केट कैपिटल हासिल करने वाला देश का तीसरा समूह बन गया है। वैसे तो अडानी ग्रुप में कई बड़ी कंपनियां हैं लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अडानी पोर्ट्स और अडानी एंटरप्राइजेज की होती है। इसके कारोबार को बढ़ाने में कंपनी के सीईओ बेन जांदी की अहम भूमिका है।
बेन जांदी की भूमिका: अडानी समूह की कंपनियों की रणनीति और अधिग्रहण में बेन जांदी की अहम भूमिका होती है। वह अपने अनुभव का इस्तेमाल कर सही डील पर जोर देते हैं। इसी का नतीजा है कि पिछले दो साल में अडानी समूह सात हवाईअड्डों और देश के हवाई यातायात का करीब एक तिहाई हिस्से पर नियंत्रण हासिल करने में सफल रहा है। इसके साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वृद्धि में तेजी से आगे बढ़ा है और श्रीलंका में संयुक्त रूप से बंदरगाह टर्मिनल के विकास का अनुबंध हासिल किया है।
अडानी ग्रुप की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक करीब 30 सालों से बेन जांदी एविएशन सेक्टर में सक्रिय हैं। वह Fraport USA में बतौर प्रेसिडेंड और सीईओ काम कर चुके हैं। इसके अलावा निजी इक्विटी फर्म बंकर हिल की भी कमान संभाल चुके हैं।
100 अरब डॉलर के पार मार्केट कैपिटल: आपको बता दें कि अडानी ग्रुप 100 अरब डॉलर से अधिक मार्केट कैपिटल हासिल करने वाला देश का तीसरा समूह बन गया है। बीते मंगलवार के आंकड़ों के मुताबिक अडानी ग्रुप की छह लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटल 7.84 लाख करोड़ रुपये या 106.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
टाटा समूह और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बाद अडानी ग्रुप तीसरा भारतीय समूह है जिसका मार्केट कैपिटल 100 अरब डॉलर को पार कर गया है। टाटा समूह का मौजूदा मार्केट कैपिटल करीब 242 अरब डॉलर जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का 171 अरब डॉलर है।
गौतम अडानी की दौलत: गौतम अडानी अब दुनिया के टॉप 20 दौलतमंद अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं। दौलत के मामले में गौतम अडानी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी के बीच की दूरी अब कम हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की दौलत करीब 63 बिलियन डॉलर हो गई है तो वहीं मुकेश अंबानी की संपत्ति 76 बिलियन डॉलर है। रैंकिंग में दोनों अरबपतियों के बीच 4 अंकों का अंतर है। (ये पढ़ें— अनिल अंबानी का ये कारोबार देख रहा अडानी ग्रुप)
मुकेश अंबानी की रैंकिंग: मुकेश अंबानी 12वें सबसे बड़े दौलतमंद अरबपति हैं तो गौतम अडानी की रैंकिंग 16वीं है। आपको बता दें कि बीते मंगलवार को पहली बार गौतम अडानी दुनिया के 20 अरबपतियों की क्लब में शामिल हुए थे। एक महीने के भीतर गौतम अडानी की दौलत दोगुनी से भी ज्यादा हो चुकी है तो वहीं रैंकिंग में भी 20 अंकों तक का सुधार हुआ है। (ये पढ़ें—दुनिया के टॉप 20 दौलतमंदों में अडानी हुए शुमार)