अक्सर लोग इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइलिंग को सिर्फ टैक्स भरने की प्रक्रिया समझते हैं, जबकि इसका महत्व इससे कहीं ज्यादा है। चाहे आपकी आय टैक्स के दायरे में आती हो या नहीं, ITR दाखिल करने से कई ऐसे फायदे मिलते हैं जो भविष्य में काम आ सकते हैं। यही वजह है कि वित्तीय विशेषज्ञ भी नियमित रूप से रिटर्न फाइल करने की सलाह देते हैं।

टैक्स रिफंड से लेकर लोन और वीजा आवेदन तक, ITR कई मामलों में आपकी आर्थिक विश्वसनीयता का प्रमाण बनता है। आइए जानते हैं ITR फाइल करने के कुछ ऐसे फायदे…

अतिरिक्त कटा टैक्स वापस पाने का मौका

कई बार कर्मचारियों के वेतन और आय से जरूरत से ज्यादा TDS (Tax Deducted at Source) कट जाता है। अगर आपने निर्धारित राशि से अधिक टैक्स जमा किया है, तो उसका रिफंड पाने के लिए ITR दाखिल करना अनिवार्य है। बिना रिटर्न फाइल किए अतिरिक्त कटा हुआ टैक्स वापस नहीं मिल पाएगा।

आय साबित करने का भरोसेमंद दस्तावेज

आज के समय में कई जगह आय का प्रमाण मांगा जाता है। ऐसे में ITR एक आधिकारिक आय प्रमाण पत्र की तरह काम करता है। इसमें आपकी कुल वार्षिक आय, टैक्स भुगतान और वित्तीय स्थिति की पूरी जानकारी दर्ज होती है।

लोन अप्रूवल की राह होती है आसान

अगर आप भविष्य में होम लोन या बिजनेस लोन या अन्य कोई लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो ITR आपके लिए बेहद जरूरी है। बैंक और वित्तीय संस्थान लोन मंजूर करने से पहले आपकी आय और भुगतान क्षमता का आकलन करते हैं। आईटीआर यह दर्शाता है कि आपकी आय नियमित है और आप अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम हैं।

विदेश यात्रा और वीजा प्रक्रिया में सहायक

कई देशों के वीजा आवेदन में ITR (इनकम टैक्स रिटर्न) जमा करना पड़ता है। इससे वीजा अधिकारी यह जांचते हैं कि आवेदक की आय का स्रोत नियमित है और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत है। अमेरिका, यूरोप समेत कई देशों के वीजा आवेदन में ITR को एक महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है। ऐसे में नियमित आईटीआर फाइल करना काफी फायदेमंद रहता है।

शेयर बाजार में हुए नुकसान का लाभ

अगर आपको शेयर बाजार या बिजनेस में नुकसान हुआ है, तो रिटर्न फाइल करना और भी जरूरी हो जाता है। आयकर नियमों के अनुसार समय पर आईटीआर फाइल करने पर आप इन नुकसानों को अगले सालों में कैरी फॉरवर्ड कर सकते हैं। भविष्य में होने वाले मुनाफे के खिलाफ इन्हें समायोजित करके टैक्स देनदारी कम की जा सकती है।

यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग कैसे तय होती है?

दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया ने भारत को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के छठे सबसे बड़े शेयर बाजार का स्थान हासिल कर लिया है। कुछ समय पहले तक भारत इस स्थान पर था, लेकिन अब वह एक पायदान नीचे खिसक गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…