मई महीने की शुरुआत के साथ ही कई ऐसे बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, बैंकिंग आदतों और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। 1 मई से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) और क्रेडिट कार्ड नियमों तक कई अहम अपडेट सामने आए हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में…
एलपीजी की कीमतों में उछाल
तेल कंपनियों ने आज यानी 1 मई से 19 किग्रा वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमतों को फिलहाल स्थिर रखा गया है, लेकिन कमर्शियल गैस महंगी होने से बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है।
जेट फ्यूल (ATF)
सरकार ने हवाई ईंधन के निर्यात पर प्रति लीटर 33 रुपये की ड्यूटी निर्धारित की है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
UPI लेनदेन
आज से UPI लेनदेन में सख्ती बढ़ गई है। 1 मई से इसमें टू-स्टेप वेरिफिकेशन लागू किया जा सकता है। इसका मतलब है कि अब सिर्फ पिन दर्ज करना सिर्फ काफी नहीं होगा, बल्कि बायोमेट्रिक या किसी अतिरिक्त ऑथेंटिकेशन की जरूरत पड़ सकती है।
एटीएम निकासी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा इंटरचेंज फीस बढ़ाने को मंजूरी देने के बाद बैंकों ने एटीएम इस्तेमाल से जुड़े नियम भी कड़े किए हैं। एचडीएफसी बैंक और बंधन बैंक जैसे बैंकों ने यूपीआई के माध्यम से कैश निकासी को भी फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल किया है।
ऑनलाइन गेमिंग
आज से ऑनलाइन गेमिंग क्षेत्र में नए नियम लागू हुए है। गेमिंग को अब तीन हिस्सों मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स में बांटा जाएगा। जिन गेम्स में पैसे लगते हैं, उनके लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
