त्योहारों का सीजन पास आते ही बाजारों में खरीदारों की रौनक बढ़ने लगती है। लोग कपड़े, मिठाई और घर के सामान के साथ-साथ कई छोटी-छोटी चीजों और सेवाओं पर भी खर्च करते हैं। यही वजह है कि त्योहारों के दौरान कुछ छोटे कामों की मांग अचानक बढ़ जाती है।
अगर आप भी इस मौके का फायदा उठाकर अपना काम शुरू करना चाहते हैं, तो इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं है। करीब 5000 रुपये में भी कुछ ऐसे बिजनेस शुरू किए जा सकते हैं, जिन्हें घर से या अपने आसपास के इलाके में किया जा सकता है। इनमें दुकान किराये पर लेने या बड़ा स्टॉक रखने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
कम बजट में शुरू होने वाले इन कामों में सही जगह और सही ग्राहक तक पहुंच बनाना सबसे जरूरी है। शुरुआत छोटी रखकर ऑर्डर और ग्राहक बढ़ने के साथ बिजनेस को आगे बढ़ाया जा सकता है। आज हम आपको ऐसे ही 5 बिजनेस आइडिया बता रहे हैं, जिनसे इस फेस्टिव सीजन में कमाई का मौका मिल सकता है…
- घरों तक फूल पहुंचाने का बिजनेस: त्योहारों पर गेंदे के फूल, गुलाब और पूजा में इस्तेमाल होने वाले दूसरे फूलों की मांग बढ़ जाती है। आप स्थानीय मंडी से सुबह ताजे फूल खरीदकर आसपास की सोसायटी और कॉलोनियों में घर-घर डिलीवरी कर सकते हैं। इस बिजनेस की शुरुआत आप लगभग 4000-5000 रुपये से भी कर सकते हैं।
- मिट्टी के दीयों को पेंट करके बेच सकते हैं: त्योहारों के सीजन में मिट्टी के दीयों की तो काफी दुकाने लगती है। आप साधारण मिट्टी के दीयों को रंग, ग्लिटर और छोटे डिजाइन से सजाकर सामान्य दीये से अलग बनाकर बेच सकते है। इस बिजनेस को भी आप 4000-5000 रुपये में शुरू कर सकते हैं। इसे आप स्थानीय दुकानों और सोसायटी में जाकर या फिर WhatsApp ग्रुप और सोशल मीडिया के जरिए भी बेच सकते हैं।
- दुकानदारों को फेस्टिव पैकिंग सामान सप्लाई करें: त्योहारों के दौरान मिठाई, कॉस्मेटिक्स और छोटे गिफ्ट बेचने वालों को पेपर बैग, बॉक्स, स्टिक और पैकिंग सामग्री की जरूरत पड़ती है। आप थोक मार्केट से सीमित मात्रा में पैकिंग सामान खरीदकर आस-पास की छोटी दुकानों को सप्लाई कर सकते हैं।
- घर की सफाई की सर्विस: लोग त्योहार से पहले घर की डीप क्लीनिंग कराते हैं। आप ग्राहक से ऑर्डर लेकर स्थानीय सफाई कर्मचारियों की टीम के साथ काम कर सकते हैं। छोटे घरों के लिए अलग और बड़े घरों के लिए अलग पैकेज बनाकर कमाई की जा सकती है।
- मिठाई की दुकान के लिए ऑनलाइन ऑर्डर लाने का काम: मिठाई और नमकीन की छोटी दुकानों के पास अच्छा सामान होता है, लेकिन कई दुकानों की ऑनलाइन पहुंच कम होती है। आप ऐसी दुकानों से बात करके मिठाई के फोटो, रेट और पैकेज सोशल मीडिया पर डाल सकते हैं और ग्राहक के ऑर्डर दुकान तक पहुंचा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 50 की उम्र में महिलाएं शुरू कर सकती हैं ये बिजनेस
अगर आपकी उम्र 50 वर्ष है और आप घर बैठे पैसा कमाना चाहती हैं, तो यह काफी आसान है। आप सिर्फ 10,000 रुपये लगाकर अपने घर से ही छोटा-सा कारोबार शुरू कर सकती हैं। इस बिजनेस में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है साथ ही आप इनको काफी आसानी से शुरू कर सकते हैं। यहां हम आपको ऐसे 5 बिजनेस बता रहे हैं। इसमें घर का अचार और पापड़ बिजनेस से लेकर कपड़ों की छोटी दुकान तक शामिल है…
