किसानों के समर्थन में उतरे पूर्व खिलाड़ी, पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह समेत 35 खिलाड़ियों ने किया अवार्ड लौटाने का ऐलान
परगट सिंह की गिनती दुनिया के बेस्ट डिफेंडरों में होती है। परगट सिंह के अलावा खेल जगत से जुड़ी कई अन्य बड़ी हस्तियों ने भी किसानों के समर्थन में अवार्ड वापसी का ऐलान किया है।

हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान परगट सिंह ने अवार्ड वापसी का ऐलान किया है। दरअसल नए कृषि कानून को वापस लेने की मांग को लेकर इस वक्त देश में किसान आंदोलन कर रहे हैं। पूर्व कप्तान परगट सिंह ने किसानों के समर्थन में ही अवार्ड वापसी का ऐलान किया है। 2 बार ओलंपिक में टीम इंडिया का नेतृत्व कर चुके परगट सिंह जालंधर कैन्टॉनमेंट से कांग्रेस विधायक भी हैं। हॉकी के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान के लिए साल 1998 में परगट सिंह को पद्म श्री अवार्ड से नवाजा गया था। बेहद प्रतिष्ठित अवार्ड से नवाजे गये परगट सिंह ने 7 दिसंबर को पद्म श्री लौटाने की बात कही है। साल 1989 में परगट सिंह को अर्जुन अवार्ड भी मिला था।
परगट सिंह के बारे में आपको बता दें कि साल 1992 और 1996 में आयोजित हुए ओलंपिक में परगट सिंह के नेतृत्व में ही टीम इंडिया मैदान पर उतरी थी। परगट सिंह की गिनती दुनिया के बेस्ट डिफेंडरों में होती है। परगट सिंह के अलावा खेल जगत से जुड़ी कई अन्य बड़ी हस्तियों ने भी किसानों के समर्थन में अवार्ड वापसी का ऐलान किया है। इनमें अर्जुन अवार्ड विजेता सज्जन सिंह चीमा, राजबीर कौर, पद्म श्री हासिल करने वाले करतार सिंह, ओलंपिक मेडलिस्ट गुरमेल सिंह और पूर्व क्रिकेट कोच राजिंदर सिंह भी शामिल हैं। इन सभी महान खिलाड़ियों का कहना है कि वो 5 दिसंबर को दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में जाकर अपना अवार्ड वापस करेंगे।
आपको बता दें कि किसानों के समर्थन में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी अपना पद्म विभूषण अवार्ड लौटाने का ऐलान कर दिया है। प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। प्रकाश सिंह बादल के अलावा राज्य सभा सदस्य सुखदेव सिंह ढिंढसा ने भी किसानों के समर्थन में पद्म भूषण अवार्ड लौटाने की बात कही है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।