Pallonji Mistry Death News In Hindi: Shapoorji Pallonji group के चेयरमैन पालोनजी मिस्त्री का 93 साल की उम्र में उनके मुबंई आवास पर कल रात को निधन हो गया। 150 वर्ष से अधिक पुराना, शापूरजी पालोनजी ग्रुप भारत की सबसे बड़ी व्यापारिक फर्मों में से एक है, जिसे अरबपति पालोनजी मिस्त्री ने इस मुकाम पर पहुंचाया है। पालोनजी मिस्त्री अपने परिवार के साथ मुबंई रहते थे और यहीं से 6 अलग- अलग सेक्टरों में कारोबार को फैलाया है।
2016 में, मिस्त्री को भारत के शीर्ष नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। वहीं टाटा समूह में ये सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक थे, जिनके पास 18.4 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इनके निधन पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, स्मृति ईरानी ने एक ट्वीट में कहा, “एक युग का अंत है, जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक उनकी प्रतिभा, काम पर उनकी सज्जनता को देखना था। परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदना।”
पालोनजी मिस्त्री भारत के सबसे पुराने अरबपतियों में से एक थे। गुजरात के एक पारसी परिवार में पैदा हुए इस बिजनेस टाइकून ने कई मुकाम हासिल किए। फोर्ब्स के नए आंकड़ों के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 13 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है, जो दुनिया में 143 वें स्थान पर हैं।
50 देशों में फैला है कारोबार
दिग्गज कारोबारी पालोनजी मिस्त्री का कारोबार दुनिया के 50 देशों में फैला हुआ है। 1865 में निर्माण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप की स्थापना की गई थी, जो छह तरह का बिजनेस करती है, इसमें इंजीनियरिंग और निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, पानी, एनर्जी और फाइनेंस सर्विसेज जैसा बिजनेस करती है।
परिवार के सदस्य
पालोनजी मिस्त्री के बड़े बेटे, शापूरजी मिस्त्री, शापूरजी पालोनजी एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। वहीं उनके छोटे बेटे, साइरस मिस्त्री, 2012 और 2016 के बीच टाटा संस के अध्यक्ष थे, जिन्हे एक विवाद के बीच बाहर कर दिया गया था। इसके अलावा उनके परिवार में उनकी दो बेटियां – लैला मिस्त्री और आलू मिस्त्री भी हैं। कारोबारी पालोनजी मिस्त्री को “फैंटम ऑफ बॉम्बे हाउस” के निकनेम से भी बुलाया जाता है।
ये दिग्गज इमारतें बना चुके हैं
शापूरजी पलोनजी समूह कई फेमस इमारतें बनाने का दावा करता है, जिनमें भारतीय रिजर्व बैंक, भारत में सिटी बैंक मुख्यालय, सेल स्टील प्लांट, दिल्ली में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम शामिल हैं।