Jansatta Explained: आईटी सेक्टर की बड़ी कंपनियों में से एक विप्रो ने हाल ही में शेयर बायबैक का ऐलान किया है। ये खबर सुनने के बाद कई लोगों के मन में ये सवाल जरूर आया होगा कि आखिर अपने ही शेयर वापस क्यों खरीदता है। इससे निवेशकों को क्या फायदा होता है? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं…
शेयर बायबैक क्या होता है?
शेयर बायबैक वह प्रोसेस होती है जिसमें कोई कंपनी मार्केट से अपने ही शेयर वापस खरीद लेती है। इससे मार्केट में उपलब्ध कुल शेयरों की संख्या कम हो जाती है। जब शेयरों की संख्या घटती है तो कंपनी की प्रति शेयर कमाई बढ़ सकती है।
कंपनियां अपने ही शेयर क्यों खरीदती हैं और निवेशकों को क्या होता है फायदा
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट, डॉ. वी के विजयकुमार कहते हैं, “शेयर बायबैक कई नजरियों से शेयरहोल्डर्स के लिए फायदेमंद होते हैं। बाजार के नजरिए से शेयर बायबैक से स्टॉक की कीमतें बढ़ती हैं, क्योंकि ईपीएस ऊपर जाता है। ईपीएस पर यह सकारात्मक असर इक्विटी कैपिटल में कमी के कारण होता है, जब बायबैक किए गए शेयरों को खत्म कर दिया जाता है।
खास बात यह है कि शेयर बायबैक का ऐलान मैनेजमेंट तब करता है, जब कंपनी के अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद स्टॉक की कीमतें कम बनी रहती हैं। इस नजरिए से, शेयर बायबैक मैनेजमेंट के भरोसे को दिखाते हैं।
इसके अलावा, अब शेयर बायबैक टैक्स के नजरिए से भी आकर्षक हैं, क्योंकि बायबैक को डिविडेंड के बजाय कैपिटल गेन्स (जिन पर कम दरों से टैक्स लगता है) के तौर पर देखा जाता है।”
विप्रो के नजरिए से क्या है बायबैक पर एक्सपर्ट की क्या राय?
सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट, विपिन डिक्सेना कहते हैं, ‘विप्रो का बायबैक ऐलान एक संतुलित संकेत देता है, यह मौजूदा वैल्यूएशन पर मैनेजमेंट के भरोसे और शेयरहोल्डर्स को अतिरिक्त कैश कुशलता से लौटाने के इरादे को दिखाता है। हालांकि, इसे पूरी तरह से बुलिश ट्रिगर मानना जल्दबाजी होगी, क्योंकि IT सेक्टर में ग्रोथ की संभावनाएं अभी भी मध्यम बनी हुई हैं।’
विपिन डिक्सेना ने कहा, ‘ जहां एक तरफ बायबैक ईपीएस को सहारा दे सकता है और कुछ हद तक गिरावट से बचा सकता है, वहीं दूसरी तरफ यह इस बात का भी संकेत देता है कि कम समय में ज़्यादा रिटर्न देने वाले रीइन्वेस्टमेंट के मौके सीमित हैं। कुल मिलाकर, यह कदम तेजी से ग्रोथ करने के नजरिए के बजाय कैपिटल अनुशासन पर ज्यादा जोर देता है।’
यह भी पढ़ें: सैलरी मैनेजमेंट का स्मार्ट तरीका
सैलरी आते ही 50/30/20 के नियम को बजट बनाने का आसान और लोकप्रिय तरीका माना जाता है। यह नियम आपकी मंथली सैलरी को तीन हिस्सों में बांटकर खर्च और बचत को संतुलित करने में मदद करता है। इस नियम के अनुसार आपकी कमाई का 50% जरूरी खर्चों पर, 30% लाइफस्टाइल खर्चों पर और 20% बचत या निवेश के लिए रखा जाता है। यहां पढे़ं पूरी खबर…
Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।
