केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले उत्पाद शुल्क में कटौती की। सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये कर दी है, जबकि डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। हालांकि उत्पाद शुल्क में कटौती के बावजूद आम जनता को पेट्रोल-डीजल के लिए पहले जितना दाम ही चुकाना होगा।

ईरान-इजरायल युद्ध के कारण कच्चे तेल और एलपीजी का आयात प्रभावित हुआ। भारत अपनी जरूरत का करीब 85-90 प्रतिशत कच्चा तेल दूसरे देशों से आयात करता है। प्राइवेट विपणन कंपनी नायरा ने पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर तक का दाम गुरुवार को बढ़ाया था।

हालांकि देश में 90 प्रतिशत पेट्रोल पंप सरकारी कंपनियों द्वारा संचालित होते हैं जिन्होंने अभी तक सामान्य पेट्रोल दाम नहीं बढ़ाया है। प्रीमियम पेट्रोल का दाम 20 मार्च को 2.09 रुपये से 2.35 रुपये तक बढ़ाया है।

क्यों कम नहीं होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?

पेट्रोल और डीजल के दाम कम न होने का कारण तेल विपणन कंपनियों को हो रहा भारी घाटा है। मौजूदा समय में कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई हैं। इस वजह से भारतीय तेल कंपनियां हर लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर लगभग 48.8 रुपये का नुकसान उठा रही हैं।

केंद्र सरकार की ओर से दी गई 10 रुपये की यह राहत का इस्तेमाल कंपनियां अपने घाटे को कम करने के लिए करेंगी यानी ग्राहकों को सीधे तौर पर कीमतों में कटौती का लाभ मिलना मुश्किल लग रहा है।

एक्साइज ड्यूटी क्या होती है?

एक्साइज ड्यूटी केंद्र सरकार द्वारा लगाया जाने वाला टैक्स है। यह टैक्स किसी वस्तु के उत्पादन पर वसूला जाता है। पेट्रोल-डीजल जीएसटी के दायरे से बाहर हैं, इस वजह से इन पर केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी और राज्यों का वैट लगता है।

देश के बड़े शहरों में आज पेट्रोल के दाम

शहरकीमत (रुपये/लीटर)
नई दिल्ली94.77 रुपये
कोलकाता105.41 रुपये
मुंबई103.54 रुपये
चेन्नई101.23 रुपये
गुडगाँव95.38 रुपये
नोएडा94.74 रुपये
बैंगलोर102.96 रुपये
भुवनेश्वर100.94 रुपये
चंडीगढ़94.30 रुपये
हैदराबाद107.50 रुपये
जयपुर104.72 रुपये
लखनऊ94.69 रुपये
पटना105.54 रुपये
तिरुवनंतपुरम107.48 रुपये

सोर्स – गुडरिटर्न्स

देश के बड़े शहरों में आज डीजल के दाम

शहरकीमत
नई दिल्ली87.67 रुपये
कोलकाता92.02 रुपये
मुंबई90.03 रुपये
चेन्नई92.81 रुपये
गुडगाँव87.83 रुपये
नोएडा87.81 रुपये
बैंगलोर90.00 रुपये
भुवनेश्वर92.52 रुपये
चंडीगढ़82.45 रुपये
हैदराबाद95.70 रुपये
जयपुर90.21 रुपये
लखनऊ87.81 रुपये
पटना91.78 रुपये
तिरुवनंतपुरम90.48 रुपये

सोर्स – गुडरिटर्न्स

यह भी पढ़ें:  न्यूनतम स्तर पर पहुंचा रुपया

पया शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 28 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर 94.24 पर पहुंच गया। तेल की ऊंची कीमतों और डॉलर की मजबूती के चलते, साथ ही पश्चिम एशिया संघर्ष में कोई समाधान न निकलने के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और FII (विदेशी संस्थागत निवेशकों) की लगातार निकासी ने स्थानीय मुद्रा पर और दबाव डाला। यहां पढ़ें पूरी खबर…