E-Commerce Business: त्योहारी सत्र की सेल के पहले दो दिन में ई-कामर्स कंपनियों ने करीब 24,000 करोड़ रुपए का सामान बेचा हैं। आर्डर की संख्या में जोरदार बढ़ोतरी के दम पर यह बिक्री दर्ज की गई, जिसमें मूल्य के लिहाज से मोबाइल फोन की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। यह जानकारी कंसलटेंट कंपनी रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स ने दी है।

परामर्श फर्म का अनुमान है कि ग्राहकों ने अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, आजिओ और कई अन्य आनलाइन मंच पर कुल मिलाकर लगभग आठ से नौ करोड़ आर्डर दिए। रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स के एसोसिएट भागीदार निखिल दलाल ने बताया कि शुरुआती दो दिन यह दर्शाते हैं कि भारत में त्योहारी ई-कामर्स का दायरा और विस्तृत हो रहा है।

बढ़ोतरी की वजह क्या?

खरीदारी में इस वृद्धि में आर्डर की संख्या का मुख्य योगदान है, जहां उपभोक्ता केवल मोबाइल तक सीमित न रहकर फैशन, इलेक्ट्रानिक्स और घरेलू उपकरणों पर भी जमकर खर्च कर रहे हैं। निखिल दलाल कि सस्ते एवं किफायती फैशन उत्पादों की मांग सबसे अलग नजर आई, क्योंकि दूसरी श्रेणी (टियर-2) और छोटे शहरों के ग्राहकों ने किफायती कीमतों पर त्योहारी कपड़े खरीदे।

24 हजार करोड़ रुपये का बिजनेस

शुरुआती दो दिन में सकल व्यापारिक मूल्य (जीएमवी) 2.5 अरब डालर (करीब 24,200 करोड़ रुपए) से अधिक रहा और लगभग छह से 6.5 करोड़ खरीदार अब तक सेल में भाग ले चुके हैं। फर्म ने बताया कि जीएमवी में यह वृद्धि सामान्य कारोबारी दिनों की दैनिक औसत दर से लगभग छह गुना अधिक रही।

अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियां बिक्री के लिए अपनी ‘क्विक कामर्स’ इकाइयों का उपयोग कर रही हैं और मंच पर उनकी प्रमुखता बढ़ा रही हैं, जिसने सामान्य दिन के दैनिक औसत से चार से पांच गुना अधिक जीएमवी दर्ज किया। अनुमानों के अनुसार, मूल्य के लिहाज से मोबाइल सबसे बड़ी श्रेणी बनी रही, लेकिन बड़े घरेलू उपकरणों और इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री बाजार की औसत वृद्धि दर से अधिक तेजी से बढ़ी।

50 फीसदी की हुई बढ़ोतरी

इस साल अक्तूबर से दिसंबर के दौरान त्योहारी यात्रा बुकिंग में सालाना आधार पर करीब 50 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। किफायती हास्टल शृंखला जोस्टेल की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल इसी अवधि में लगभग हर चार में एक यात्री ने एक से अधिक त्योहारी यात्राएं की थीं।

जोस्टेल फेस्टिव ट्रैवल पल्स 2026 शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया कि भारत में त्योहारी सत्र अब केवल एक लंबी छुट्टी के बजाय कई छोटी-छोटी यात्राओं का दौर बनता जा रहा है।

पिछले साल अक्तूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान 23 फीसद यात्रियों ने दोबारा बुकिंग की थी। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में लगभग 10 में एक यात्री दो या अधिक स्थानों पर रुका। इसके अलावा, पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 2026 के नवंबर में ठहरने के लिए बुकिंग 43 फीसद अधिक दर्ज की गई है।

कैसी रही लोगों की प्लानिंग

रिपोर्ट में बताया गया कि त्योहारी सत्र की एक यात्रा औसतन दो रात की रही, जिसमें 10 में तीन यात्रियों ने ‘चेक-इन’ वाले दिन ही बुकिंग कराई। लगभग 10 में छह लोगों ने यात्रा से तीन दिन पहले और 10 में सात लोगों ने एक सप्ताह के भीतर आरक्षण कराया।

एक महीने से अधिक समय पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों की संख्या 10 में एक से भी कम रही। वर्ष 2026 के त्योहारी सत्र के लिए अब तक हम्पी, गोकर्ण, वर्कला, ऋषिकेश और जयपुर सबसे ज्यादा बुक किए गए स्थलों के रूप में उभरे हैं। सबसे तेजी से उभरते शीर्ष पांच स्थलों में तीन किन्नौर जिले में स्थित हैं।

यह भी पढ़ें: साल की सबसे बड़ी गिरावट के बाद बाजार में तूफानी तेजी, Sensex 879 अंक चढ़ा; Nifty 22500 के पार; क्या है वजह?

साल की सबसे बड़ी गिरावट के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23% की बढ़त के साथ 72,472.33 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 288.65 अंक यानी 1.30% उछलकर 22,520.45 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों को बड़ी राहत मिली। पढ़िए पूरी खबर…