DA Hike News: दिवाली से पहले गुजरात सरकार ने अपने करीब 9.69 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस संबंध में बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया।
इससे एक सप्ताह पहले केंद्र सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। सरकार के प्रवक्ता और वरिष्ठ मंत्री जीतू वाघाणी ने आधिकारिक बयान जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी।
इस फैसले से कुल 9.69 लाख से अधिक परिवारों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इनमें राज्य सरकार, पंचायत सेवाओं और अन्य संगठनों के करीब 4.62 लाख कर्मचारी शामिल हैं जो छठे और सातवें वेतन आयोग के तहत आते हैं। इसके अलावा करीब 5.07 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों यानी पेंशनर्स को भी इसका फायदा मिलेगा।
सरकार के बयान में आगे कहा गया, ”राज्य सरकार कर्मचारियों को चार महीने के बकाया एरियर के रूप में कुल 523 करोड़ रुपये देगी। यह बकाया राशि नवंबर 2026 की सैलरी और पेंशन के साथ कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में जमा की जाएगी। महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर हर साल 1569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।”
दिवाली पर 4 दिन की छुट्टी
राज्य सरकार ने कर्मचारियों को दिवाली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने और अपने पैतृक घर जाने का मौका देने के लिए 9 नवंबर को भी छुट्टी घोषित की है। इससे राज्य सरकार के कर्मचारियों को 8 से 11 नवंबर तक लगातार चार दिन की छुट्टियां मिलेंगी।
आपको बता दें कि 8, 10 और 11 नवंबर को क्रमशः दिवाली, गुजराती नववर्ष और भाई बीज के अवसर पर पहले से ही छुट्टी है।
इस संबंध में राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (General Administration Department) ने अधिसूचना जारी की है। इसमें बताया गया है कि 9 नवंबर की छुट्टी के बदले सरकारी कर्मचारियों को 28 नवंबर को काम करना होगा। आमतौर पर महीने के चौथे शनिवार को सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी रहती है।
शियाल बेट द्वीप पर फिश लैंडिंग सेंटर बनाने को मंजूरी
गुजरात सरकार की कैबिनेट ने अमरेली जिले के शियाल बेट द्वीप पर फिश लैंडिंग सेंटर (मछली उतारने और रखने का केंद्र) बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस इलाके के मछुआरे लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।
शियाल बेट द्वीप की कुल आबादी करीब 2680 है। यहां 1100 से ज्यादा सक्रिय मछुआरे हैं और मछली पकड़ने के लिए 154 नावें हैं।
सरकार के आधिकारिक बयान में मंत्री जीतू वाघाणी ने बताया कि इस परियोजना के तहत द्वीप पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें पाइल जेट्टी (खंभों पर बना समुद्री घाट), जमीन को विकसित करने का काम, पत्थरों से सुरक्षा दीवार, पक्की सड़कें और बिजली की व्यवस्था शामिल हैं।
इन सुविधाओं के बनने से मछली उतारने, भंडारण, नीलामी, संरक्षण और एक जगह से दूसरी जगह भेजने से जुड़े सभी काम एक ही स्थान पर हो सकेंगे।
बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर होंगे कार्यक्रम
राज्य सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने का भी फैसला लिया है। ये कार्यक्रम 14 आदिवासी जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी होंगे। इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह छोटा उदेपुर जिले में आयोजित किया जाएगा।
