कोरोनिल विवाद के बीच रामदेव की कंपनी ने पकड़ी रफ्तार, फरवरी में हो गया इतना मुनाफा
रामदेव की एक अन्य कंपनी का नाम रुचि सोया है। इस कंपनी के निवेशकों को फरवरी महीने में जबरदस्त मुनाफा हुआ है। इस महीने में रुचि सोया का शेयर रॉकेट की तरह तेज रफ्तार से बढ़ा है।

फरवरी के महीने में बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि काफी चर्चा में रही। दरअसल, पतंजलि आयुर्वेद की कोरोनिल दवा के दावे को लेकर कई तरह के विवाद होने लगे। इस विवाद के बीच भी रामदेव की एक अन्य कंपनी के लिए फरवरी का महीना काफी शानदार रहा।
रुचि सोया के शेयर में भारी बढ़त: रामदेव की एक अन्य कंपनी का नाम रुचि सोया है। इस कंपनी के निवेशकों को फरवरी महीने में जबरदस्त मुनाफा हुआ है। इस महीने में रुचि सोया का शेयर रॉकेट की तरह तेज रफ्तार से बढ़ा है। उदाहरण के लिए 1 फरवरी को रुचि सोया का शेयर भाव 600 रुपये के स्तर पर था, जो आज 745 रुपये के स्तर पर है।
कहने का मतलब ये है कि जिन निवेशकों ने 1 फरवरी को रुचि सोया में पैसे लगाए हैं उन्हें प्रति शेयर भाव में करीब 145 रुपये का मुनाफा हुआ है। रुचि सोया के मार्केट कैपिटल में भी बड़ी बढ़त दर्ज की गई है। फिलहाल, रुचि सोया का मार्केट कैपिटल 22 हजार करोड़ रुपये है। बीते महीने मार्केट कैपिटल का स्तर 18 हजार करोड़ रुपये से भी कम हो गया था।
कोरोनिल को लेकर विवाद: आपको बता दें कि फरवरी महीने में कोरोनिल दवा को लेकर विवाद हुआ था। बीते दिनों पतंजलि आयुर्वेद ने दावा किया था कि कोरोनिल को अब विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) प्रमाणन योजना के तहत आयुष मंत्रालय से प्रमाण पत्र मिला है। कंपनी ने दावा किया था कि यह कोविड-19 का मुकाबला करने वाली पहली साक्ष्य-आधारित दवा है। हालांकि, डब्ल्यूएचओ की ओर से इस दावे को खारिज कर दिया गया। इसके बाद विवाद मच गया।
शेयर बाजार में बढ़त: बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स में जोरदार तेजी रही। कारोबार के अंत में सेंसेक्स में 1148 अंकों की तेजी रही है और यह 51,444.65 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 327 अंकों की तेजी रही है और यह 15246 के स्तर पर बंद हुआ। इस बढ़त की वजह से एक दिन में निवेशकों की दौलत में 3.6 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।