डाबर इंडिया को शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के उस आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है, जिसमें कंपनी को शहद, गाय का घी और खाद्य तेल जैसे उत्पादों को ‘100 प्रतिशत’ दावों के साथ बेचने से रोका गया था।

न्यायमूर्ति अमित महाजन ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि डाबर लंबे समय से इन उत्पादों की बिक्री कर रही है और प्रथम दृष्टया कंपनी के पक्ष में राहत देने का आधार बनता है। अदालत ने यह भी माना कि एफएसएसएआई ने आदेश जारी करने से पहले कंपनी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया था।

अदालत ने निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक विवादित आदेश पर रोक बनी रहेगी। इसके साथ ही उच्च न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद के लिए सूचीबद्ध की है।

डाबर की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि एफएसएसएआई का आदेश प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए बिना कारण बताओ नोटिस और सुनवाई के पारित किया गया है।

वहीं, केंद्र सरकार के अधिवक्ता ने खाद्य नियामक के आदेश का बचाव करते हुए कहा कि कंपनी को पहले ‘सुधार नोटिस’ एवं परामर्श जारी किए गए थे तथा उसके उत्पादों पर ‘100 प्रतिशत’ का दावा भ्रामक है।

एफएसएसएआई ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि उसने डाबर इंडिया लिमिटेड को ऐसे खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है, जिन पर ‘100 प्रतिशत’ जैसे भ्रामक दावे किए गए हैं।

इनमें शहद, सेब का सिरका, वर्जिन नारियल तेल, तिल का तेल, गाय का घी, नारियल पानी और नारियल दूध जैसे उत्पाद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: टाटा ग्रुप की Air India ने नए CEO-MD का किया ऐलान

एअर इंडिया ने अपने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) के रूप में Ethiopian Airlines के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमारियम की नियुक्ति की है।

एअर इंडिया के मुताबिक, यह नियुक्ति दुनिया भर में उम्मीदवारों की तलाश के बाद की गई है। इसके लिए बोर्ड की एक विशेष समिति बनाई गई थी, जिसने कंपनी के अंदर और बाहर दोनों तरह के उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया। यहां पढ़ें पूरी खबर…