महीनों लापता रहने के बाद नजर आए चीन के अरबपति जैक मा, कोरोना काल में मुकेश अंबानी ने दी थी मात
चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने जैक मा की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। अलीबाबा ग्रुप ने भी पुष्टि की है कि जैक मा ऑनलाइन इवेंट में शामिल हुए।

महीनों से लापता चल रहे चीन के अरबपति जैक मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, अलीबाबा समूह के मुखिया जैक मा बुधवार को एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में नजर आए।
अपने चैरिटी फाउंडेशन के एक अभियान के लिए उन्होंने वीडियो लिंक के जरिए ग्रांमीण इलाक़ों के स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों से बात की। चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने जैक मा की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। अलीबाबा ग्रुप ने भी पुष्टि की है कि जैक मा ऑनलाइन इवेंट में शामिल हुए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जैक मा कहां से बोल रहे थे। जैक मा के सामने आने के बाद उनकी हांग-कांग स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड कंपनी के स्टॉक की कीमतें 6 फीसदी तक बढ़ गई हैं।
आपको बता दें कि जैक मा और चीन सरकार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते अक्टूबर महीने में जैक मा ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी। इसके बाद से ही जैक मा रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए थे। इस दौरान चीन की सरकार ने अलीबाबा ग्रुप के खिलाफ एकाधिकार-रोधी जांच शुरू करने की घोषणा की कर दी।
यही नहीं, नवंबर 2020 में चीनी अधिकारियों ने जैक को जोरदार झटका देते हुए उनके एंट ग्रुप के 37 अरब डॉलर के IPO को निलंबित कर दिया था। वॉल स्ट्रीट जनरल के मुताबिक आईपीओ को रद्द करने का आदेश सीधा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से आया था। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जैक मा की संपत्ति करीब 53 बिलियन डॉलर के करीब है। जैक मा की संपत्ति में 930 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है।
जैक मा दौलतमंद शख्सियतों की सूची में 25वें स्थान पर हैं। आपको बता दें कि मार्च 2020 तक जैक मा एशिया के सबसे अमीर शख्स थे। वह दौलतमंद लोगों की सूची में मुकेश अंबानी से आगे रहते थे।
हालांकि, इसके बाद मुकेश अंबानी ने उन्हें पछाड़ दिया। मुकेश अंबानी को रिलायंस जियो और रिटेल के लिए मिले निवेश का फायदा मिला। इस वजह से मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी इजाफा हुआ।