EPF एक्ट 1952 के तहत चलने वाली EPF स्कीम नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट सेविंग का बड़ा सहारा मानी जाती है। लेकिन नौकरी बदलने पर कई बार नया PF अकाउंट बन जाता है या कर्मचारी पुराने अकाउंट का ट्रांसफर कराना भूल जाते हैं। ऐसे में एक व्यक्ति के नाम पर कई EPF अकाउंट हो सकते हैं।

हालांकि, कई EPF अकाउंट होना कोई अपराध या पेनल्टी वाली बात नहीं है, क्योंकि यह समस्या काफी आम है। लेकिन रिटायरमेंट के समय फंड निकालने या अकाउंट बंद करने से पहले इन्हें मर्ज करना जरूरी हो जाता है।

इसलिए बेहतर यही माना जाता है कि समय रहते EPFO से ऑनलाइन रिक्वेस्ट कर सभी PF अकाउंट को एक एक्टिव अकाउंट में ट्रांसफर करा लिया जाए।

PF अकाउंट मर्ज से पहले पूरा करें ये जरूरी काम

EPF अकाउंट मर्ज करने से पहले कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करना बेहद जरूरी है। सबसे पहले अपने EPF अकाउंट का KYC अपडेट करें, जिसमें बैंक अकाउंट, PAN और दूसरी जरूरी जानकारी जोड़ना शामिल है।

इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि आपका UAN (Universal Account Number) मौजूदा EPF अकाउंट से लिंक हो। UAN लिंक होने के बाद EPFO सिस्टम में अपडेट होने में थोड़ा समय लग सकता है, इसलिए आगे की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कम से कम तीन दिन इंतजार करना बेहतर माना जाता है।

कैसे ऑनलाइन मर्ज करें पीएफ अकाउंट्स?

– आधिकारिक वेबसाइट unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ पर जाएं।
– UAN और पासवर्ड का इस्तेमाल करके साइन इन करें।
– ‘एक मेंबर और एक EPF अकाउंट’ लिंक पर जाएं जिससे एक और विंडो खुलेगी।
– यहां फोन नंबर, UAN नंबर, वगैरह जरूरी जानकारी दर्ज करें।
– ‘Generate OTP’ पर क्लिक करें।
– रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करें और वेरिफिकेशन पूरा करें।
– आपके पिछले EPF अकाउंट्स के बारे में जानकारी डालने के लिए एक और विंडो खुलेगी, जिन्हें आप मर्ज करना चाहते हैं।
– भरी हुई सभी जानकारी को दोबारा चेक करें और डिक्लेरेशन बॉक्स चुनें।
– अब ‘सबमिट’ पर क्लिक करें।

यह भी पढ़ें: EPFO ने UPI आधारित सिस्टम की टेस्टिंग पूरी की, सीधे खाते में आएगा पैसा

अब PF का पैसा निकालना पहले से ज्यादा आसान होने वाला है। EPFO जल्द ही UPI-आधारित सिस्टम शुरू करने जा रहा है, जिससे लोग अपना PF पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।

श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इस नए सिस्टम से EPFO के 7 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को तेज और आसान निकासी की सुविधा मिलेगी। यहां पढ़ें पूरी खबर…