25 सालों तक देश के सड़क पर राज करने वाले Tata Sumo की रफ्तार थमी! कंपनी ने बंद किया प्रोडक्शन
टाटा मोटर्स ने सन 1994 में पहली बार Tata Sumo को पेश किया था। लगातार 25 सालों तक इस एसयूवी ने भारतीय सड़कों पर राज किया है। आखिरी बार कंपनी ने इसे सूमो गोल्ड के तौर पर अपडेट किया था।

Tata Sumo Discontinued: देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors ने अपनी वर्षों पुरानी एसयूवी Tata Sumo को घरेलु बाजार से डिस्कंटीन्यू कर दिया है। कंपनी ने इस एसयूवी की प्रोडक्शन और बिक्री दोनों ही बंद कर दी है। इस समय ये एसयूवी टाटा मोटर्स के किसी भी डीलरशिप पर मौजूद नहीं है।
बता दें कि, टाटा मोटर्स ने सन 1994 में पहली बार Tata Sumo को पेश किया था। लगातार 25 सालों तक इस एसयूवी ने भारतीय सड़कों पर राज किया है। लेकिन सेफ्टी मानकों पर खरा न उतर पाने के कारण कंपनी ने इसके उत्पादन और बिक्री दोनों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा कंपनी इसे भविष्य में अपडेट करेगी या नहीं इसके बारे में भी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं मिली है।
ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी इस एसयूवी को अपडेट नहीं करेगी। टाटा सूमो सरकार द्वारा निर्देशित AIS 145 सेफ्टी मानकों और भारत न्यू व्हीकल सेफ्टी एसेसमेंट के मानकों पर फेल हो गई है। जिसके बाद कंपनी ने इसे डिस्कंटीन्यू करने का फैसल किया है। इसके अलावा पिछले कुछ सालों से बिक्री के मामले में भी Tata Sumo कुछ खास कमाल नहीं कर सकी थी, आखिरी बार कंपनी ने इसे सूमो गोल्ड के तौर पर अपडेट किया था।
भारतीय बाजार में Tata Sumo Gold की कीमत 7.39 लाख रुपये से लेकर 8.77 लाख रुपये के बीच थी। देश के ग्रामिण इलाकों में इस एसयूवी की सबसे ज्यादा मांग थी। अपने खास परफॉर्मेंस और स्पेस के चलते लोग इसे खासा पसंद करते थें। लेकिन समय के साथ बाजार में नई तकनीक और फीचर्स वाले एसयूवी ने अपना कब्जा जमा लिया और सूमो गोल्ड की चमक फिकी पड़ती गई।
सूमो गोल्ड में कंपनी ने 3.0 लीटर की क्षमता का दमदार डीजल इंजन प्रयोग किया था, जो कि 85bhp की पावर और 250Nm का टॉर्क जेनरेट करता था। इसमें 5 स्पीड गियरबॉक्स का प्रयेाग किया गया था। चूकिं ये एक 7 सीटर यूटिलिटी व्हीकल थी इसलिए फ्लीट ऑपरेटर्स के बीच भी ये काफी मशहूर थी।
क्या है वजह: सरकार ने सभी वाहन निर्माताओं को निर्देश दे दिया है कि नए सेफ्टी मानकों को पूरा किए बिना किसी भी वाहन का उत्पादन और बिक्री नहीं की जा सकती है। इसके अलावा आगामी 1 अप्रैल 2020 से देश भर में नए बीएस6 मानक को भी लागू कर दिया जाएगा। जानकारों का मानना है कि यदि कंपनी इस एसयूवी की को नए सेफ्टी और बीएस6 मानक के अनुसार अपडेट करती तो इसकी कीमत में 1.5 से 2 लाख रुपये का इजाफा होता। जो कि इस सेग्मेंट में इसे पूरी तरह से सफल नहीं होने देता। शायद यही कारण है कि कंपनी ने इस एसयूवी को डिस्कंटीन्यू करने का फैसला किया है।
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ लिंक्डइन पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App