Coronavirus Effect: देश के ऑटो इंडस्ट्री पर कहर बनकर टूटेगा कोरोना वॉयरस! प्रोडक्शन 8.3% तक घटने का अनुमान, General Motors ने भी बंद किया प्लांट
Coronavirus के कारण चीन में अब तक 1,100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है तथा 44 हजार से अधिक लोगों के इससे संक्रमित होने की आशंका है। इस लाइलाज बीमारी का असर दुनिया के ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है। संक्रमण के कारण 2020 में घरेलू वाहनों का प्रोडक्शन 8.3 प्रतिशत तक कम होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

Coronavirus Effect On Auto Industry: चीन से दुनिया भर में फैले Coronavirus का असर अब ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर भी पड़ने लगा है। फिच सॉल्यूशंस ने चीन में कोरोना वायरस के फैले संक्रमण के कारण 2020 में घरेलू वाहन निर्माण 8.3 प्रतिशत तक कम हो जाने का अनुमान व्यक्त किया है। चीन में इस वायरस का संक्रमण के फैलने के कारण वाहनों के कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनियों ने उत्पादन रोक दिया है।
फिच ने कहा कि यदि भारत में भी वायरस का संक्रमण फैला तो यहां भी इस तरह की नीतियां अपनायी जा सकती हैं। उसने कहा कि भारत की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा प्रणाली की स्थिति को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि भारत में वायरस का संक्रमण फैलने की रफ्तार चीन की तुलना में अधिक होगी और घरेलू वाहन उद्योग पर अधिक व्यापक असर देखने को मिलेगा।
फिच ने कहा कि चीन भारतीय वाहन उद्योग के लिये कल-पुर्जों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। ऐसे में चीन में तैयार कल-पुर्जों की कमी होने से भारतीय वाहन उद्योग को उत्पादन की गति कम करने या बंद करने को बाध्य होना पड़ सकता है। उन्होंने कहा “इन कारणों से हम 2020 में घरेलू वाहन विनिर्माण में 8.3 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान करते हैं। वर्ष 2019 में इसमें 13.2 प्रतिशत की गिरावट रही थी।”
फिच ने कहा, “चीन भारत के वाहन कल-पुर्जा जरूरत की 10 से 30 फीसदी की पूर्ति करता है। यदि भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग की बातें करें तो यह दो या तीन गुना अधिक हो जाता है। इससे पता चलता है कि भारतीय वाहन उद्योग किस तरह से चीन के कल-पुर्जों पर निर्भर है।”
General Motors ने बंद किया प्लांट: अमेरिका की सबसे बड़ी कार कंपनी जनरल मोटर्स ने दक्षिण कोरिया स्थित इकाई का परिचालन अगले सप्ताह आंशिक तौर पर निलंबित करने की घोषणा की है। चीन वस्तुओं का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। वह वाहन उद्योग के लिये आवश्यक कल-पुर्जों का भी मुख्य आपूर्तिकर्ता है।
नववर्ष का अवकाश कोरोना वायरस के कारण लंबा खिंच जाने से विभिन्न वस्तुओं तथा कल-पुर्जों का विनिर्माण प्रभावित हुआ है, जिसका असर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के रूप में देखा जा रहा है। कंपनी के एक प्रतिनिधि ने एएफपी को बताया कि जनरल मोटर्स कोरिया के सियोल के पश्चिम में स्थित बुप्येओंग संयंत्र की दो असेंबली लाइनें अगले सप्ताह सोमवार और मंगलवार को बंद रहेंगी।
इसका कारण चीन से आने वाले कल-पुर्जों की कमी है। इन दो असेंबली लाइन की क्षमता सालाना चार लाख से अधिक वाहन बनाने की है। इससे पहले Hyundai ने दुनिया के सबसे कार निर्माण कारखाने उलसान को पिछले सप्ताह अस्थायी तौर पर बंद करने की घोषणा की थी। जापान की कंपनी निसान ने भी चीन से कल-पुर्जों की कमी के कारण क्युशु संयंत्र का परिचालन 14-17 फरवरी के दौरान बंद रखने की घोषणा की है।
इनपुट: भाषा
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।