देश का आम बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश कर दिया है। इस बजट में कई बड़े ऐलान किए गए हैं। सेमीकंडक्टर सेक्टर में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी एक अहम योजना सामने आई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की है कि सरकार सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग चेन में एक मजबूत विकल्प के तौर पर स्थापित करने के लिए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) 2.0 की शुरुआत करने जा रही है।

इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के लिए बजट बढ़ाकर अब 40,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। गौरतलब है कि सरकार ने यह ऐलान ऐसे समय में किया है, जब ISM 1.0 के तहत हुई प्रगति और उपलब्धियों के जरिए भारत की सेमीकंडक्टर क्षमताओं को प्रभावी रूप से परखा जा चुका है।

अब ISM 2.0 के तहत सरकार की योजना असेंबली और टेस्टिंग के साथ-साथ उपकरण, सामग्री और डिजाइन तक एक व्यापक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ISM 1.0 की सफलता को देखते हुए अब इसका अगला चरण शुरू किया जा रहा है, जिससे उपकरण और सामग्री के घरेलू उत्पादन को और मजबूती मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज सेक्टर ने सरकार की इस नई योजना का खुले दिल से स्वागत किया है। उद्योग जगत का कहना है कि सरकार द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के लिए एक समग्र इकोसिस्टम तैयार करने की बात करना, इस नीति की दूरदर्शिता और गंभीरता को दर्शाता है।

बजट पर क्या बोले एक्सपर्ट

केंद्रीय बजट 2026-27 पर भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा, “बजट पर हमारी प्रतिक्रिया सकारात्मक है क्योंकि इसमें उद्योगों, खासकर MSMEs की मांगों को पूरा किया गया है। सेवाक्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार ने टैक्स सरलीकरण से जुड़ी चिंताओं को भी सुना है। इस बार पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में भी 10–12% की बढ़ोतरी की गई है।”

ये भी पढ़ें- बजट 2026 में क्या-क्या मिला?