Budget 2026 Direct Tax Proposals : बजट 2026 में सरकार ने इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया, इसलिए जिन लोगों को सीधे टैक्स में कटौती की उम्मीद थी, उन्हें थोड़ी निराशा जरूर हुई। लेकिन अगर पूरे बजट को देखा जाए तो डायरेक्ट टैक्स से जुड़े कई ऐसे ऐलान किए गए हैं, जिनका असर आम टैक्सपेयर्स, विदेश में पढ़ाई या इलाज कराने वालों, छोटे निवेशकों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ सकता है। सरकार ने इस बार टैक्स सिस्टम को ज्यादा आसान, पारदर्शी और विवाद-मुक्त बनाने पर फोकस रखा है।

पढ़ाई और इलाज के लिए पैसे विदेश भेजने पर राहत

बजट 2026 का एक अहम प्रस्ताव पढ़ाई और इलाज के लिए पैसे विदेश भेजने वालों को राहत देता है। लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम यानी LRS के तहत अब एजुकेशन और मेडिकल खर्च के लिए भेजी जाने वाली रकम पर टीसीएस (TCS) की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दी गई है। इससे उन परिवारों को फायदा होगा, जिनके बच्चे विदेश में पढ़ रहे हैं या जिन्हें इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। पहले बड़ी रकम भेजने पर फौरन ज्यादा टैक्स कट जाता था, जिससे कैश फ्लो पर दबाव पड़ता था। अब शुरुआती खर्च कम होगा और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।

Also read : Budget 2026 : बजट से क्यों गिरा शेयर बाजार, क्या है बड़ी वजह

छोटे टैक्सपेयर्स के लिए कंप्लायंस आसान

सरकार ने टैक्स रिटर्न से जुड़े नियमों को भी ज्यादा लचीला बनाने की कोशिश की है। अब रिटर्न को रिवाइज करने की तारीख 31 दिसंबर की जगह 31 मार्च तक कर दी गई है, यानी गलती सुधारने के लिए ज्यादा समय मिलेगा। इसके अलावा आईटीआर-1 और आईटीआर-2 भरने वालों के लिए आखिरी तारीख 31 जुलाई ही रहेगी, जबकि बिना ऑडिट वाले बिजनेस और ट्रस्ट के मामलों में यह 31 अगस्त होगी। इससे आखिरी समय की हड़बड़ी कम होने की उम्मीद है।

ITR में विदेशी आय या संपत्ति की जानकारी छूटने पर राहत

सरकार ने उन लोगों को खास राहत दी है जो हाल में विदेश गए हैं या वापस आए हैं, जैसे स्टूडेंट्स, यंग प्रोफेशनल्स और नॉन रेजिडेंट इंडियन (NRI) । कई बार ऐसे लोग जानकारी के अभाव में विदेश में हुई आय या संपत्ति की सही जानकारी रिटर्न में देने में चूक जाते हैं। ऐसे टैक्सपेयर्स के लिए 6 महीने की वन-टाइम कंप्लायंस विंडो दी गई है। इस दौरान वे अपनी छूटी हुई जानकारी घोषित कर सकते हैं। इस पर टैक्स तो देना होगा, लेकिन आपराधिक कार्रवाई से राहत मिलेगी। सरकार का मकसद सजा देने की जगह अपनी मर्जी से टैक्स भरने की आदत को बढ़ावा देना है।

Also read : Budget 2026 LIVE: बजट 2026 में क्या-क्या मिला?

पेनल्टी और मुकदमेबाजी में कमी

बजट 2026 में एक और बड़ा कदम यह है कि असेसमेंट और पेनल्टी की प्रक्रिया को एक साथ जोड़ने का प्रस्ताव किया गया है। इससे बार-बार नोटिस और केस चलने की स्थिति कम होगी। साथ ही कई तकनीकी चूकों को अपराध की जगह फीस में बदलने का फैसला किया गया है। इसका मतलब है कि छोटी गलतियों पर अब जेल या लंबी कानूनी लड़ाई का डर नहीं रहेगा। इससे ईमानदार टैक्सपेयर्स को मानसिक राहत मिलेगी।

यात्रा और टूर पैकेज पर टैक्स का बोझ घटा

विदेशी टूर पैकेज पर लगने वाला टीसीएस भी घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। पहले यह 5 से 20 प्रतिशत तक था, जिससे घूमने जाने वालों पर भारी बोझ पड़ता था। अब टूरिज्म से जुड़ा खर्च थोड़ा सस्ता होगा और लोगों को पहले जितना बड़ा टैक्स ब्लॉकेज नहीं झेलना पड़ेगा।

भरोसे और आसानी पर आधारित सिस्टम

कुल मिलाकर बजट 2026 ने टैक्स स्लैब नहीं बदले, लेकिन टैक्स सिस्टम को ज्यादा भरोसेमंद और आसान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सरकार का जोर इस बात पर दिखा है कि लोग डर की बजाय समझदारी से टैक्स भरें। विदेश में पढ़ाई, इलाज, निवेश या काम करने वालों के लिए नियमों को व्यवहारिक बनाने की कोशिश की गई है। इससे यह बजट भले ही बड़े टैक्स गिफ्ट न दे, लेकिन टैक्सपेयर्स के लिए स्पष्टता और राहत जरूर लेकर आया है।