Budget 2023: बजट 2023 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिला सम्मान बचत योजना शुरू करने का ऐलान किया है। इसमें महिलाओं को 2 लाख की बचत पर 7.5 फीसदा का ब्याज मिलेगा। महिला सम्मान योजना 2025 तक चलेगी। यह महिलाओं को दो साल के लिए 2 लाख रुपये के निवेश की सुविधा देगी, जिस पर ब्याज दर 7.5 फीसदी होगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार ने बनायानया प्लान
इसके अलावा, बजट में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए और भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने नया प्लान बनाया है। इसके साथ ही बजट 2023-24 में कहा गया कि देश के 81 लाख स्व सहायता समूहों को एक अलग लेवल पर ले जाया जाएगा। ग्रामीण महिलाओं को जोड़ने के लिए स्व सहायता समूहों को स्थापित किया गया था।
81 लाख स्व सहायता समूहों से और महिलाओं को जोड़ा जाएगा और उन्हें कच्चे माल की आपूर्ति की जाएगी और बेहतर डिजाइन के लिए प्रशिक्षित भी किया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा, “अनुसमर्थक नीतियों के साथ महिलाओं को इस बात के लिए सक्षम बनाया जाएगा कि वे बड़े उपभोक्ता बाजार में सेवा देने के लिए अपने प्रचालनों का दायरा बढ़ाएं।” इसके अलावा, पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान के तहत सहायता पैकेज दिया जाएगा। इसके जरिए कारीगरों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैमाने और पहुंच में सुधार लाने, उन्हें एमएसएमई वैल्यू चेन के साथ एकीकृत होने में सक्षाम बनाएगी।
पिछले चार वर्षों से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषणों में दानलक्ष्मी (बीज वितरक) जैसे कार्यक्रमों को लागू किया और सक्षम आंगनवाड़ी, पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य जैसे कार्यक्रमों को संशोधित करके महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की है।
जानें महिलाओं के लिए कैसा था पिछला बजट
वित्त वर्ष 2022-23 में महिलाओं के लिए 1,71,006 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। वित्त मंत्री ने महिला और बाल विकास मंत्रालय की मिशन शक्ति, सक्षम आंगनवाड़ी, मिशन वात्सल्य और पोषण 2.0 जैसी योजनाओं को नया रूप देने की घोषणा की गई थी।
इसके अलावा, 2 लाख आंगनवाड़ी को अपग्रेड किया गया और महिलाओं एवं बच्चों के विकास को ध्यान में रखते हुए तीन योजनाएं शुरू की गईं। साथ ही मेंटल हेल्थ काउंसलिंग के लिए भी कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा इस बजट में की गई थी। वित्त मंत्री ने बजट 2022-23 में महिला एवं बाल कल्याण को 25,172 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।