India-US Trade Deal Latest Updates: भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Agreement) को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। इस समझौते के कानूनी मसौदे (Legal Text) को अंतिम रूप देने के लिए 23 फरवरी 2026 से अमेरिका में तीन दिवसीय बैठक शुरू होगी। शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर यह घोषणा की थी कि अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तय कर ली गई है। संयुक्त बयान में समझौते की मुख्य रूपरेखा तय की गई।

मार्च में हस्ताक्षर होने की उम्मीद

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अब इन बिंदुओं को एक औपचारिक कानूनी समझौते में बदला जाएगा, जिस पर दोनों पक्ष हस्ताक्षर करेंगे। इस पर मार्च में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

सोमवार से होगी तीन दिवसीय बैठक

अधिकारी ने बताया कि भारतीय और अमेरिकी दल सोमवार से अपनी तीन दिवसीय बैठक शुरू करेंगे। भारतीय दल का नेतृत्व वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन करेंगे।

अंतरिम व्यापार समझौते के तहत, दोनों पक्ष आपस में व्यापार किए जाने वाले कई वस्तुओं पर शुल्क रियायतें देंगे। अमेरिका ने घोषणा की है कि वह भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। साथ ही, रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क को पहले ही समाप्त किया जा चुका है।

कब हो सकता है लागू?

शुक्रवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में हस्ताक्षर होने और अप्रैल में इसके लागू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि भारत के ब्रिटेन और ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) भी अप्रैल में लागू होने की उम्मीद है।

न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर में लागू हो सकता है। भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए तीन दिवसीय बैठक 23 फरवरी से अमेरिका में शुरू होगी। इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर घोषणा की थी कि अंतरिम व्यापार समझौते के लिए रूपरेखा तय कर ली गई है।

भाषा के इनपुट के साथ

यहां भी पढ़ें: 8वें वेतन आयोग के नाम पर ठगी: नकली सैलरी कैलकुलेटर लिंक से रहें सावधान, सरकार ने जारी की एडवाइजरी