ऑनलाइन सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों के लिए जीएसटी के नियम जल्द आसान हो सकते हैं। जीएसटी काउंसिल एक ऐसे प्रस्ताव पर विचार कर सकती है, जिससे छोटे सेलर्स को हर राज्य में अपनी अलग कारोबार की जगह रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनके लिए अलग-अलग राज्यों में सामान बेचना और जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराना आसान हो सकता है।

इसके साथ ही ऑनलाइन सामान की डिलीवरी और ऐप के जरिए मिलने वाली सेवाओं पर जीएसटी को लेकर भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। इन बदलावों से छोटे सेलर्स का काम आसान करने और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए जीएसटी के नियमों को ज्यादा साफ करने की कोशिश है…

अभी क्या है नियम?

जनसत्ता के सहयोगी फाइनेंशियल एक्सप्रेस के मुताबिक, अभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग राज्यों में सामान बेचने वाले सेलर को हर उस राज्य में रजिस्टर्ड बिजनेस प्लेस की जरूरत होती है जहां वे सामान बेचते हैं। छोटे सेलर्स के लिए, इसका मतलब कई रजिस्ट्रेशन और नियमों का पालन करने की जरूरत हो सकती है।

यह भी पढ़ें: जीएसटी में गिरफ्तारी का प्रावधान हटाने की तैयारी, टैक्स अधिकारियों के अधिकारों की मनमानी पर चिंता

कौन से नियम हो सकते है आसान?

प्रस्ताव के तहत छोटे सेलर्स को उन राज्यों में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस का पता इस्तेमाल करने की सुविधा मिल सकती है, जहां उनकी अपनी कोई कारोबार की जगह नहीं है। यानी उन्हें हर राज्य में अलग से जगह लेने की जरूरत नहीं होगी।

एक बार किसी एक राज्य में उनका पता और पहचान वेरिफाई होने के बाद, वे दूसरे राज्यों में भी रजिस्ट्रेशन कराकर वहां ग्राहकों को सामान बेच सकेंगे।

इस रजिस्ट्रेशन में प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाली बिक्री शामिल होगी, जबकि प्लेटफॉर्म के बाहर बिजनेस करने वाले सेलर को उस बिजनेस के लिए सामान्य रजिस्ट्रेशन की जरूरत होगी।

यह प्रस्ताव छोटे सेलर्स के एक बड़े ग्रुप के लिए है। लगभग 10.5 लाख सेलर प्लेटफॉर्म के जरिए सामान बेचते हैं, जिनमें से लगभग 9.5 लाख (यानी 90%) अपने खरीदारों को बहुत कम इनपुट टैक्स क्रेडिट देते हैं। प्रस्तावित सुविधा से ऐसे सेलर्स को हर राज्य में अपनी जगह बनाए बिना पूरे देश में ग्राहकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

हालांकि, प्लेटफॉर्म नियमों के पालन की कुछ जिम्मेदारी उठाएगा। वह इन सेलर्स के बारे में जानकारी के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का नाम बताएगा, उनका वेरिफाइड डेटा शेयर करेगा और जब भी किसी सेलर को हटाया जाएगा या उनकी जानकारी में बदलाव होगा, तो पोर्टल पर रिपोर्ट करेगा।

जीएसटी काउंसिल ने सितंबर 2025 में अपनी 56वीं बैठक में छोटे ई-कॉमर्स सप्लायर्स के लिए आसान रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दी थी, और इसका विस्तृत ढांचा बाद में तैयार किया जाना था।

टैक्स एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?

टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि प्रस्तावित प्रोसेस से छोटे सेलर्स पर नियमों के पालन का बोझ कम हो सकता है, साथ ही वेरिफिकेशन और प्लेटफॉर्म-लेवल पर रिपोर्टिंग के जरिए सुरक्षा उपाय भी बने रहेंगे। प्रस्ताव में प्लेटफॉर्म की सहमति से दूसरे राज्यों में रजिस्ट्रेशन की भी बात कही गई है, जिसमें रजिस्ट्रेशन के चरण में किसी ऑफ़िसर की भूमिका नहीं होगी।

एक अलग प्रस्ताव में प्लेटफॉर्म के जरिए ऑर्डर किए गए सामान की डिलीवरी पर बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट के 5% की एकसमान जीएसटी दर लागू करने की बात कही गई है। इसका मतलब यह होगा कि डिलीवरी चाहे किसी भी रास्ते से हो, उस पर लगने वाला टैक्स एक जैसा ही रहेगा।

इस कदम का मकसद प्लेटफॉर्म-बेस्ड डिलीवरी पर टैक्स लगाने के तरीके में एकरूपता लाना है, क्योंकि अभी डिलीवरी के तरीके के आधार पर इसमें अंतर हो सकता है।

यह भी पढ़ें: टाटा संस में लिस्टिंग को लेकर खींचतान!

भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों (जिसमें ग्रुप की होल्डिंग कंपनी को लिस्ट करने की संभावना भी शामिल है) को मानने को लेकर टाटा संस की लड़ाई ने एक नया मोड ले लिया है। इसके दो अहम डायरेक्टर (एन चंद्रशेखरन और वेणु श्रीनिवासन) अलग-अलग समय पर रिजर्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड में भी रह चुके हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…