शेयर बाजार में सोमवार, 18 मई को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। बाजार में कमजोरी के बीच टेलीकॉम दिग्गज Bharti Airtel ने अचानक ऐसी छलांग लगाई कि वह देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन गई। दोपहर के कारोबार में कंपनी का मार्केट कैप 11.81 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया और उसने HDFC Bank को पीछे छोड़ दिया।

2:50 बजे तक HDFC Bank का मार्केट कैप 11,80,991.56 करोड़ रुपये पर था, जबकि Bharti Airtel का मार्केट कैप बढ़कर 11,81,120.43 करोड़ रुपये पहुंच गया।

शेयर प्रदर्शन की बात करें तो एयरटेल के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 1.77% चढ़कर 1,938.40 रुपये पर पहुंच गया। दूसरी ओर HDFC Bank का शेयर मामूली 0.09% टूटकर 1,767.10 रुपये पर कारोबार करता दिखा।

भारतीय एयरटेल के तिमाही नतीजे

Q4FY26 में भारतीय एयरटेल का नेट प्रॉफिट 7,325 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार (YoY) पर 33.5% कम है। कोर ऑपरेशन से होने वाले रेवेन्यू में चौथी तिमाही में 15.68% की वृद्धि हुई और यह ₹55,383 करोड़ तक पहुंच गया।

कंपनी का भारत से होने वाला रेवेन्यू सालाना 7.7% बढ़कर ₹39,566 करोड़ हो गया। 31 मार्च, 2026 को समाप्त तिमाही में EBITDA मार्जिन 60% रहा।

कौन सी है मार्केट कैप के हिसाब से सबसे बड़ी कंपनी?

मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से Reliance Industries शेयर बाजार की सबसे बड़ी कंपनी है। 3:16 तक कंपनी का मार्केट कैप 18,06,390.93 करोड़ रुपये है।

क्या होता है मार्केट कैप?

शेयर बाजार में किसी कंपनी की कुल वैल्यू को मार्केट कैप कहा जाता है। आसान भाषा में समझें तो कंपनी बाजार में कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा मार्केट कैप से लगाया जाता है।

[ Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी। ]