रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (Reliance ADA Group) के चेयरमैन अनिल अंबानी के इस सप्ताह प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष उपस्थित नहीं होने के बाद उन्हें 26 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने का ताजा समन जारी किया गया है। गुरुवार को समाचार एजेंसी भाषा को सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

अनिल अंबानी की पत्नी और पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी भी ईडी द्वारा दूसरी बार समन जारी किए जाने के बावजूद 17 फरवरी को एजेंसी के सामने पेश नहीं हुई थीं। उन्हें संघीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए पहला समन 10 फरवरी को जारी किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं जिसके बाद उन्हें नया नोटिस दिया गया था।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं है कि ईडी ने उन्हें भी अगली तारीख दी है या नहीं। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके अलग-अलग बयान दर्ज करने के लिए उन्हें बुलाया है।

अनिल अंबानी अगस्त 2025 में एक बार ईडी के सामने पेश हुए थे। ऐसा समझा जा रहा है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी आवासीय संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

इस मामले में हाल में ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने पहले एक बयान में आरोप लगाया था कि आरकॉम की कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के दौरान 2023 में न्यूयॉर्क स्थित इस संपत्ति को गर्ग ने ”धोखाधड़ी” से बेचा था। समझा जाता है कि आरकॉम ने ”धोखाधड़ी से की गई” इस बिक्री की जानकारी 2025 में शेयर बाजार को दी थी।

समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ

यहां भी पढ़ें: ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल को मिली बड़ी राहत: बॉम्बे हाई कोर्ट ने डिटेंशन वारंट पर लगाई रोक, शेयर में उछाल

यहां भी पढ़ें: किसानों के लिए लॉन्च हुआ AI बेस्ड ‘भारत विस्तार’: एक कॉल में मिलेगी मौसम, मंडीभाव और खेती की पूरी जानकारी