अमेरिकी टेक दिग्गज कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयरों में 12% से ज्यादा की गिरावट आई। कंपनी की मार्केट वैल्यू से लगभग 500 अरब डॉलर कम हो गए। वही, अमेजन, इंटेल के शेयरो में भी गिरावट देखने को मिली।
वही, दूसरी ओर हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भारतीय आईटी शेयरों (जैसे इंफोसिस, विप्रो और टीसीएस) तेजी देखने को मिली। अमेरिकी मार्केट में गिरावट की प्रमुख वजह एआई पर बढ़ता खर्च और गूगल के सर्च विज्ञापन कारोबार को लेकर निवेशकों की चिंता रही।
क्यों आई अल्फाबेट के शेयरों में गिरावट?
गुरुवार को गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयरों में यह गिरावट कंपनी के वित्तीय नतीजे के बाद आई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ते खर्च ने गूगल के ‘सर्च एडवरटाइजिंग’ बिजनेस के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
निवेशकों को चिंता है कि लोग पारंपरिक सर्च की जगह एआई चैट बॉट की तरफ बढ़ सकते हैं। इससे गूगल के विज्ञापन कारोबार में कमी आ सकती है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अल्फाबेट के लिए यह गिरावट कोविड-19 महामारी या 2008 के वित्तीय संकट के दौरान देखी गई किसी भी दैनिक गिरावट से कहीं ज्यादा है।
अमेजन और इंटेल के शेयरों में भी गिरावट
वही, अमेरिका की एक और दिग्गज ई-कॉमर्स और टेक कंपनी अमेजन के शेयरों में भी भारी बिकवाली देखी गई, जिससे इसके शेयर 7% से ज्यादा गिर गए। टेक कंपनी ‘इंटेल’ के शेयरों में भी गुरुवार को 23% की भारी गिरावट आई। इसके पीछे पर्सनल कंप्यूटर मार्केट में अस्थिरता, मैन्युफैक्चरिंग में आ रही रुकावटें और प्रोडक्शन बढ़ाने पर किया गया भारी खर्च मुख्य कारण रहे।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इस भारी बिकवाली से पता चलता है कि निवेशक अब बड़ी टेक कंपनियों (Big Tech) के AI निवेशों को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं।
भारतीय शेयरों में तेजी
हालांकि, इस गिरावट का असर भारतीय शेयरों में नहीं देखने को मिला है। शुक्रवार को भारतीय IT शेयरों (जैसे इंफोसिस, विप्रो और TCS) में तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय सूचकांक हरे निशान में रहे। 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 138.77 अंक चढ़कर 74,289.81 पर पहुंच गया, जबकि 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 38.95 अंक बढ़कर 22,967.10 पर आ गया।
सुबह 11:39 बजे के मार्केट डेटा के अनुसार, विप्रो (2.59%), इंफोसिस (2.74%), HCL टेक्नोलॉजीज (2.45%) और टेक महिंद्रा (2.16%) जैसे IT शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई।
यह भी पढ़ें: Anthropic IPO : 16.29 अरब डॉलर का रेवेन्यू, 80.7 अरब डॉलर का नुकसान, जानें 5 बड़ी बातें
एआई कंपनी एन्थ्रोपिक के IPO को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने शेयर बाजार में लिस्ट होने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सोमवार को अपना IPO प्रॉस्पेक्टस दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी के कारोबार, कमाई और वित्तीय स्थिति से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
