भारत में डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को गति देने के लिए ब्लैकस्टोन-समर्थित एयरट्रंक ने बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। कंपनी के अनुसार, वह 2030 तक देश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता बढ़ाने के लिए 3 लाख करोड़ रुपये (करीब 30 अरब डॉलर) से अधिक का निवेश करेगी।

एयरट्रंक के बयान में कहा, “भारत के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कंपनी की प्रस्तावित डेवलपमेंट पाइपलाइन, AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के लिए भारत को एक ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने के लक्ष्य को सपोर्ट करेगी। साथ ही, इससे बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां, रोज़गार और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम का विकास भी होगा।”

यह देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम में प्रस्तावित सबसे बड़े निवेशों में से एक है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत की डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जर्नी गति पकड़ रही है। एयरट्रंक ने भारत में लगभग 3 लाख करोड़ रुपये (30 अरब डॉलर) का निवेश करने और 5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना की घोषणा की है। यह देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्टर इकोसिस्टम में प्रस्तावित सबसे बड़े निवेशों में से एक है। इस तरह के निवेश क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई के वैश्विक केंद्र के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करेंगे, साथ ही रोजगार के अवसर पैदा करेंगे, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को समर्थन देंगे और इनोवेशन आधारित विकास को गति देंगे। यह स्पष्ट है कि विश्व की डिजिटल अर्थव्यवस्था का भविष्य तेजी से भारत में आकार ले रहा है!”

AI की रेस अब सिर्फ टेक्नोलॉजी के बारे में नहीं है, बल्कि यह इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में है: एयरट्रंक सीईओ

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, एयरट्रंक के फाउंडर और CEO रॉबिन खुदा ने कहा, “AI की रेस अब सिर्फ टेक्नोलॉजी के बारे में नहीं है, बल्कि यह इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में है। भारत लंबे समय के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट के लिए दुनिया की सबसे आकर्षक जगहों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है। भारत ने साफ़ कर दिया है कि वह इस इन्वेस्टमेंट के लिए मुकाबला करना चाहता है, इसीलिए हम अपनी कंपनी के इतिहास के सबसे बड़े डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोग्राम में से एक पर विचार कर रहे हैं। हमारे काम का दायरा इसलिए बढ़ रहा है क्योंकि भारत में हमारा भरोसा बढ़ा है। आज हमारे सामने जो मौका है, वह उस मौके से कहीं बड़ा है जब हमने कुछ महीने पहले ही इस मार्केट में कदम रखा था।”

एयरट्रंक के बारे में

एयरट्रंक (AirTrunk) एशिया-प्रशांत और मध्य पूर्व (APME) क्षेत्र की प्रमुख हाइपरस्केल डेटा सेंटर कंपनी है। कंपनी क्लाउड सेवा प्रदाताओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और बड़े उद्यमों के लिए डेटा सेंटर विकसित और संचालित करती है। भारत समेत कई देशों में कंपनी अपनी डेटा सेंटर क्षमता का तेजी से विस्तार कर रही है।

यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग कैसे तय होती है?

दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया ने भारत को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के छठे सबसे बड़े शेयर बाजार का स्थान हासिल कर लिया है। कुछ समय पहले तक भारत इस स्थान पर था, लेकिन अब वह एक पायदान नीचे खिसक गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…