हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। Air India और Air India Express ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 9 अक्टूबर से लागू होंगी। यह बढ़ोतरी घरेलू के साथ-साथ इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर भी लागू होगी।

कंपनी ने यह बदलाव एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच किया है। ऐसे में 9 अक्टूबर या उसके बाद की फ्लाइट बुक करने वाले यात्रियों को फ्यूल सरचार्ज के तौर पर पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी।

बढ़ती ATF कीमतों के बीच लिया फैसला

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, Air India और Air India Express ने गुरुवार को फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि हाल के महीनों में ATF की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसके पीछे जियोपॉलिटिकल घटनाक्रम और ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर बना दबाव प्रमुख वजह हैं।

बयान में कहा गया, “फ्यूल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से एयरलाइंस की ऑपरेटिंग कॉस्ट और बढ़ गई है, जबकि एयरलाइन के कुल खर्च में फ्यूल का हिस्सा काफी बड़ा बना हुआ है।”

कितना बढ़ सकता है फ्यूल सरचार्ज?

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, ATF किसी एयरलाइन की ऑपरेटिंग कॉस्ट का लगभग 40 प्रतिशत होता है। घरेलू उड़ानों के लिए, दूरी के आधार पर नया फ्यूल सरचार्ज 400 रुपये से 1,200 रुपये के बीच है।

इंटरनेशनल उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज क्षेत्र और देश के आधार पर 55 USD से 215 USD के बीच है। फ्यूल सरचार्ज में यह बदलाव देश की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो द्वारा अपना सरचार्ज बढ़ाने के कुछ दिनों बाद किया गया है।

अकासा एयर ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

अकासा एयर ने भी 9 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज फिर से लागू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही एयरलाइन ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए भी सरचार्ज बढ़ाया है। यह बदलाव पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक घटनाक्रम के बीच ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए किया गया है।

अकासा एयर ने मार्च में घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाया था। बाद में घरेलू उड़ानों से इसे हटा दिया गया था। अब इसे फिर से लागू किया जा रहा है। दूरी के आधार पर घरेलू उड़ानों पर सरचार्ज 375 रुपये से 1,150 रुपये तक होगा, जबकि इंटरनेशनल उड़ानों के लिए यह 2,500 रुपये रहेगा।

यह भी पढ़ें: स्टारलिंक को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर केंद्र का जवाब

केंद्र सरकार ने भारत में स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर जवाब दिया है। सरकार ने कहा है कि देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं के लिए नियम सभी कंपनियों पर समान रूप से लागू होते हैं। यह प्रतिक्रिया मस्क के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ ताकतवर उद्योगपति (ओलिगार्क) भारत में स्टारलिंक की राह रोक रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…