एयर इंडिया एक्सप्रेस के हैदराबाद से फुकेट (थाईलैंड) जा रहे एक विमान की इमरजेंसी लैंडिग हुई है। यह विमान फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नोज़-व्हील में खराबी का शिकार हो गया। एयरलाइन ने बुधवार (11 मार्च 2026) को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद फुकेट एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया क्योंकि विमान रनवे पर ही फंस गया था।
Air India Express के Boeing 737 MAX 8 विमान में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं चल सका।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि 11 मार्च को हमारी हैदराबाद-फकेट उड़ान को फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नोज़-व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा।” नोज़-व्हील विमान के लैंडिंग गियर सिस्टम का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। IX 938 फ्लाइट ने हैदराबाद से अपने निर्धारित समय सुबह 6:20 बजे के बजाय 6:42 बजे उड़ान भरी।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, यह विमान फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानीय समयानुसार सुबह 11:40 बजे उतरा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में कहा, “क्रू मेंबर्स ने सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार दिया गया।”
