Budget 2023 Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार (1 फरवरी) को साल 2023-24 का बजट पेश करेंगी। मोदी सरकार के मौजूदा कार्यकाल में आखिरी पूर्ण बजट पेश करने से पहले गैस कंपनी इंडेन (Indane) ने घरेलू और व्यावसायिक इस्तेमाल के सिलेंडर के नए रेट जारी किए हैं। संशोधित दरों के मुताबिक इंडेन की ओर से घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
LPG सिलेंडर के रेट में नहीं कोई बदलाव
नई दरें हर महीने की पहली और 16 तारीख को संशोधित की जाती हैं। गैस कंपनियों ने LPG सिलेंडर के नए रेट जारी कर दिए हैं। सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर यानी 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर और 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। अभी ये पुराने रेट्स पर ही मिलेंगे।
Delhi और Mumbai में ये होगी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत
दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1,053 रुपये जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,769 रुपये है। Indane ने जुलाई 2022 से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। मुंबई में इंडेन का कमर्शियल सिलेंडर 1721 रुपये में मिलेगा। चेन्नई में एलपीजी सिलेंडर 1917 रुपये में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 1869 रुपये में मिलेगा।
1 जनवरी 2023 को 25 रुपये बढ़ाए गए थे कमर्शियल सिलेंडर के दाम
साल 2023 के पहले दिन ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम 25 रुपये तक बढ़ा दिए गए थे। वहीं, साल 2022 में गैस सिलेंडर लगातार महंगा होता रहा। बीते साल की बात करें तो घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कुल 153.5 रुपये की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, देश में घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में पिछले काफी समय से कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आखिरी बार 6 जुलाई 2022 को बढ़ाए गए थे। वहीं, कमर्शियल गैस की कीमतें साल 2022 में 2000 रुपये के भी पार निकल गई थीं।
वहीं, बजट से पहले फिलहाल घरेलू सिलेंडर रेट की बात करें तो जयपुर में इसके दाम 1056.5 रुपये, बेंगलुरू में 1055.5, मुंबई में 1052.5 रुपये और कोलकाता में घरेलू सिलेंडर का दाम 1079 रुपये है।