मशहूर उद्योगपति आदि गोदरेज ने देश में बीफ बैन और शराबबंदी की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि इनके चलते अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में केंद्र सरकार की नीतियां कमोबेश अच्छी रही हैं। उन्होंने कहा, ‘कुछ चीजें जैसे कुछेक राज्यों में बीफ बैन के चलते विकास पर असर पड़ा है। इससे कृषि और ग्रामीण विकास पर असर पड़ रहा है। क्योंकि जरूरत से ज्यादा गायों का आप क्या करेंगे। इससे कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। कई किसानों के लिए यह कमाई का अच्छा साधन था। इसलिए यह नकारात्मक बात है।’
गोदरेज ने कहा, ‘वेदिक समय में भारतीय बीफ खाते थे। हमारे धर्म में बीफ के खिलाफ कुछ नहीं है। कई सालों तक पड़े अकाल के चलते यह शुरू किया। बड़े कहते थे कि गायों को मत मारो, उन्हें बच्चों के दूध के लिए बचाओ। यह बातें धार्मिक विश्वास में बदल गईं। यह बकवास है। वेदिक भारतीय बीफ खाते थे।’ मोदी सरकार के दो साल के कामकाज पर गोदरेज कहा, ‘कारोबार करने में आसानी वास्तम में मदद करती है। हमें कमोडिटी की कीमतों में कमी से फायदा हुआ है। भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बना रहेगा। भारत धीरे-धीरे मजबूत विकसित देश के रूप में उभरेगा।’
Read Also: इकॉनॉमिक एडवाइजर अरविंद सुब्रमण्यम ने कहा- बीफ बैन पर बोलूंगा तो नौकरी चली जाएगी
शराबबंदी के बारे में आदि गोदरेज ने कहा, ‘कुछ चीजें हैं जैसे मनाही। चुनाव जीतने के लिए और महिलाओं के वोट हासिल करने के लिए कुछ राज्य ऐसा कर रहे हैं। बिहार और केरल ने ऐसा किया है। किसी चीज को निषेध करना अर्थव्यवस्था के लिए बुरा है। इससे पीने वाले कम नहीं होंगे। इससे खराब शराब बनेगी और माफिया का जन्म होगा। पूरी दुनिया में यह असफल रहा है। राजनीतिक फायदे के लिए जारी किए गए ये नकारात्मक निर्देश अर्थव्यवस्था पर असर डालते हैं।’
Read Also: गोहत्या का आरोप लगने पर मुस्लिम नेता को भाजपा ने पार्टी से निकाला, पुलिस ने घर से बरामद किया बीफ