एयरबैग वो फीचर है, जिसे आपने कार में देखा है और ये कार में ही मिलता है लेकिन अब एयरबैग स्कूटर में भी मिलेगा। जी हां, दुनिया की जानी-मानी ऑटोमोटिव सेफ्टी कंपनी ऑटोलिव मोटर ने यामाहा मोटर के साथ मिलकर स्कूटर के लिए एक खास एयरबैग सिस्टम विकसित किया है और इस एयरबैग सिस्टम को कंपनी के प्रीमियम स्कूटर यामाहा ट्राइसिटी (Yamaha Tricity 300) में दिया जाएगा।

यामाहा ट्राइसिटी 300 स्कूटर में दी गई यह एयरबैग टेक्नोलॉजी दोपहिया वाहन सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है, क्योंकि अब तक एयरबैग सिस्टम आमतौर पर कारों तक ही सीमित था।

फ्रंटल टक्कर में देगा सुरक्षा

यह एयरबैग सिस्टम खासतौर पर फ्रंटल (सामने से) होने वाली टक्कर के दौरान राइडर को बचाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे स्कूटर के फ्रंट एप्रन (आगे वाले हिस्से) के अंदर फिट किया गया है, जिससे एक्सीडेंट के समय यह राइडर के सामने खुलकर उसे सुरक्षा प्रदान करता है।

डिजाइन में नहीं होगा कोई समझौता

कंपनी के अनुसार इस सिस्टम को इस तरह से तैयार किया गया है कि, स्कूटर का बैलेंस प्रभावित न हो और स्टोरेज स्पेस कम न हो साथ ही राइडिंग एक्सपीरियंस पर कोई असर न पड़े। इसका मतलब है कि सेफ्टी बढ़ेगी, लेकिन यूटिलिटी पहले जैसी ही रहेगी।

क्रैश टेस्ट और एडवांस सिमुलेशन से गुजरा सिस्टम

ऑटोलिव ने बताया कि इस एयरबैग सिस्टम को एडवांस कंप्यूटर सिमुलेशन और फुल-स्केल क्रैश टेस्ट जैसे कड़े परीक्षणों से गुजारा गया है, ताकि इसे वास्तविक परिस्थितियों में सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सके।

2026 में हो सकता है लॉन्च

रिपोर्ट के अनुसार यामाहा ट्राईसिटी 300 का एयरबैग वर्जन 2026 की पहली छमाही में बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि इसकी कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पहले भी हो चुका है ऐसा प्रयोग

ऑटोलिव इससे पहले Piaggio Group के साथ Piaggio MP3 स्कूटर में भी एयरबैग सिस्टम पर काम कर चुका है, लेकिन वह अभी तक बड़े पैमाने पर बाजार में नहीं आया है।

क्या तीन पहियों वाले स्कूटर के लिए आसान है यह एयरबैग टेक्नोलॉजी?

यामाहा ट्राईसिटी 300 और पिजाजियो एमपी3 दोनों तीन पहियों वाले स्कूटर हैं, इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या यह टेक्नोलॉजी सिर्फ थ्री-व्हीलर स्कूटर्स में ही आसान है?

विशेषज्ञों के अनुसार, तीन पहियों वाले स्कूटर में बेहतर स्थिरता होने के कारण ऐसे सिस्टम को लगाना ज्यादा सुरक्षित और व्यावहारिक हो सकता है।

(Source: Autocar India)