पुरानी कार या बाइक खरीदने-बेचने वालों को आने वाले समय में वाहन की ओनरशिप ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया में राहत मिल सकती है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने सेकेंड हैंड वाहनों के मालिकाना हक में बदलाव की प्रक्रिया को आसान बनाने से जुड़े सुझावों की जांच करने की बात कही है। फिलहाल नियमों में बदलाव की घोषणा नहीं हुई है और न ही इसे लागू करने की कोई समयसीमा तय की गई है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने नई दिल्ली में ईजी ऑफ व्हीकल ऑनरशिप ट्रांसफर इंडेक्स (EVOI) 2026 रिपोर्ट जारी होने के मौके पर यह बात कही। रिपोर्ट में बताया गया है कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (RTO) में प्रक्रिया और खर्च में काफी अंतर है। इससे पुरानी गाड़ी के खरीदारों और विक्रेताओं को परेशानी होती है।

पुरानी गाड़ी का मालिकाना हक ट्रांसफर करना क्यों मुश्किल?

सेकेंड हैंड कार या बाइक बेचने के बाद रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में नए मालिक का नाम दर्ज कराना जरूरी होता है। लेकिन कई जगह दस्तावेजों की जांच, आरटीओ के चक्कर, एजेंटों पर निर्भरता और अलग-अलग प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण यह काम लंबा और महंगा हो सकता है।

मंत्री हर्ष मल्होत्रा के मुताबिक, केंद्र सरकार वाहन सेवाओं से जुड़ी नीतियों को बेहतर बनाने के लिए सुझावों पर विचार करेगी। हालांकि, इन नीतियों को लागू करने में राज्य सरकारों की भी अहम भूमिका है। अलग-अलग राज्यों में नियमों को लागू करने का तरीका अलग होने के कारण पूरे देश में एक जैसी प्रक्रिया बनाना चुनौतीपूर्ण है।

ओनरशिप ट्रांसफर पर आधिकारिक फीस से कई गुना तक खर्च

EVOI 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ जगहों पर पुरानी गाड़ी के मालिकाना हक के ट्रांसफर का कुल खर्च निर्धारित सरकारी फीस से करीब 10 गुना तक पहुंच जाता है। रिपोर्ट में कुछ स्थानों पर यह खर्च 14,000 रुपये तक दर्ज किया गया है। इसमें सरकारी शुल्क के साथ एजेंटों या बिचौलियों को दिए गए पैसे भी शामिल हैं।

ये आंकड़े सर्वे में शामिल लोगों की ओर से बताए गए खर्च पर आधारित हैं। इन्हें हर वाहन या हर RTO की तय फीस नहीं समझना चाहिए। वास्तविक खर्च वाहन और संबंधित राज्य की प्रक्रिया के अनुसार अलग हो सकता है।

इतने लोगों की आरसी ट्रांसफर प्रक्रिया अब भी अधूरी

रिपोर्ट में शामिल सर्वे के मुताबिक, 39 प्रतिशत लोगों ने बताया कि वाहन का सौदा पूरा होने के बाद भी उनकी आरसी ट्रांसफर नहीं हुई थी। वहीं, 63 प्रतिशत उत्तरदाता कुल ट्रांसफर खर्च का सही अनुमान नहीं लगा सके। सर्वे में शामिल सभी उत्तरदाताओं ने प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एजेंट या बिचौलियों पर निर्भर रहने की बात कही।

रिपोर्ट में 15 राज्यों को शामिल किया गया, जो देश के संगठित पुरानी कार बाजार के 85 प्रतिशत से अधिक हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें सामने आया कि दस्तावेजों की मैनुअल जांच, बिचौलियों का खर्च और RTO के अलग-अलग नियम प्रक्रिया को मुश्किल बनाते हैं।

उत्तर प्रदेश की रैंकिंग सबसे नीचे

ईजी ऑफ व्हीकल ऑनरशिप ट्रांसफर इंडेक्स में किसी भी राज्य को 10 में से 6 अंक से अधिक नहीं मिले। आंध्र प्रदेश 5.91 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि केरल 5.74 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रहा। उत्तर प्रदेश 2.47 अंकों के साथ सूची में सबसे नीचे रहा। बिहार को 2.51 और पश्चिम बंगाल को 2.56 अंक मिले।

रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में बायोमेट्रिक आधारित ओनरशिप ट्रांसफर व्यवस्था से RTO में व्यक्तिगत रूप से जाने की जरूरत कम हुई है। यह डिजिटल व्यवस्था प्रक्रिया को सरल बनाने का एक उदाहरण है।

अभी वाहन मालिकों को क्या करना चाहिए?

जब तक सरकार की ओर से नए नियमों की आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक वाहन खरीदारों और विक्रेताओं को मौजूदा प्रक्रिया के अनुसार ही आरसी ट्रांसफर कराना होगा। वाहन बेचने के बाद केवल पैसे लेने या गाड़ी सौंपने से रिकॉर्ड में मालिकाना हक अपने आप नहीं बदलता। इसलिए आवेदन की स्थिति पर नजर रखें और ट्रांसफर पूरा होने की पुष्टि करें।

केंद्र सरकार EVOI 2026 रिपोर्ट के सुझावों का अध्ययन करेगी, लेकिन यह अभी तक तय नहीं है कि कौन-से प्रस्ताव स्वीकार किए जाएंगे और बदलाव कब लागू होंगे। अगर प्रक्रिया में सुधार होता है, तो इससे पुरानी कार और बाइक के खरीदारों-विक्रेताओं को समय, खर्च और आरटीओ के चक्करों के मामले में राहत मिलने की उम्मीद है।